एसबीआई के योनो एप का कर रहे हैं इस्तेमाल तो जान लीजिए, खाली हो जाएगा खाता
मुंबई- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के YONO ऐप इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को एक बड़ा फिशिंग स्कैम का खतरा मंडरा रहा है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर तेजी से वायरल हो रहा एक मैसेज लोगों को डरा रहा है कि अगर आप तुरंत अपना आधार अपडेट नहीं करवाएंगे तो YONO ऐप ब्लॉक हो जाएगा। मैसेज में कहा गया है कि आधार डिटेल्स अपडेट करने के लिए एक APK फाइल डाउनलोड करनी होगी।
लेकिन ये पूरी बात झूठी है। सरकार की फैक्ट-चेक यूनिट PIB फैक्ट चेक ने कहा, SBI या उसके YONO प्लेटफॉर्म की तरफ से ऐसा कोई निर्देश कभी जारी नहीं किया गया। बैंक ने भी दोहराया है कि आधार अपडेट या कोई भी जरूरी काम के लिए कभी भी APK फाइल डाउनलोड करने को नहीं कहा जाता।
ये फर्जी मैसेज जानबूझकर जल्दबाजी पैदा करता है। पहले अकाउंट ब्लॉक होने का डर दिखाया जाता है, फिर यूजर्स को अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। कई बार मैसेज में आधार नंबर, बैंक डिटेल्स या OTP शेयर करने को भी बोला जाता है। ऐसे APK फाइल्स में मैलवेयर छिपा होता है, जो फोन में घुसकर बैंकिंग पासवर्ड, OTP और दूसरे संवेदनशील डेटा चुरा लेता है।
PIB ने स्पष्ट कहा है कि ये दावा पूरी तरह गलत है। SBI कभी भी ग्राहकों से अनऑफिशियल तरीके से आधार अपडेट या केवाईसी नहीं करवाता। बैंक की तरफ से कोई भी जरूरी सूचना सिर्फ उसके ऑफिशियल चैनल्स, जैसे बैंक की वेबसाइट, ऐप, ईमेल या SMS, के जरिए ही आती है।
डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऐसे स्कैम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। फ्रॉड करने वाले बैंक के नाम का गलत इस्तेमाल करके लोगों की लालच या डर का फायदा उठाते हैं। थोड़ी सी सावधानी से आप अपना पैसा और जानकारी सुरक्षित रख सकते हैं।

