मारुति के निवेशकों को इस साल 1.32 लाख करोड़ का झटका, 25 फीसदी टूटा शेयर

मुंबई- मारुति सुजुकी के लिए साल की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। इस साल इसका शेयर 25 फीसदी गिर चुका है। इस दौरान निवेशकों को 1.32 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी है। इस समय इसका शेयर 12602 रुपये पर कारोबार कर रहा है। 5 जनवरी को यह 17,371.60 रुपये तक पहुंचा था।

मारुति के शेयर ने इस साल कार बनाने वाली कंपनियों में सबसे खराब प्रदर्शन किया है। महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में 19 फीसदी और हुंडई मोटर इंडिया के शेयरों में इस साल 16 फीसदी गिरावट आई है। टाटा मोटर्स पैसेंजर वीकल्स का शेयर भी 15 फीसदी से अधिक गिरा है।

जेफरीज ने मारुति की प्रति शेयर आय यानी ईपीएस का अनुमान में वित्त वर्ष 2026 से 2028 के लिए कटौती की है। उसने मारुति के शेयरों को होल्ड रेटिंग देते हुए टारगेट प्राइस 17,500 रुपये से घटाकर 16,000 रुपये कर दिया। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की घरेलू पीवी होलसेल मार्केट में हिस्सेदारी 40 फीसदी से कम है। छोटी कार की डिमांड में कमी से हाल के वर्षों में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी कम हुई है। साथ ही कंपनी को कैपेसिटी की कमी का भी सामना करना पड़ रहा है जिससे वह डिमांड पूरी नहीं कर पा रही है।

हालांकि मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि मारुति के बारे में ये चिंताएं कुछ ज्यादा ही बढ़ाचढ़ाकर दिखाई जा रही हैं। ब्रोकरेज ने मारुति के शेयरों को बाय रेटिंग देते हुए 17,406 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। उसका कहना है कि कैपेसिटी को लेकर कुछ समस्या है लेकिन अप्रैल 2026 से नई कैपेसिटी जुड़ने के बाद यह समस्या सुलझ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *