दुनिया भर के शेयर बाजारों का फूटेगा गुबारा, इस प्रसिद्ध लेखक ने दी चेतावनी

मुंबई- बेस्टसेलर किताब ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक और निवेशक रॉबर्ट कियोसाकी ने एक बार फिर वैश्विक बाजार को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि दुनिया के बाजार में बना ‘इतिहास का सबसे बड़ा बबल’ फूटने के करीब है।

कियोसाकी लंबे समय से गोल्ड और क्रिप्टोकरेंसी जैसे एसेट्स में निवेश की सलाह देते रहे हैं। उनका मानना है कि ज्यादा पैसे छापने और कर्ज आधारित आर्थिक व्यवस्था की वजह से वैश्विक बाजार अस्थिर हो गए हैं। उन्होंने संभावित वित्तीय संकट के बाद बाजार में आने वाले बड़े बदलाव को लेकर भी अनुमान जताया है।

कियोसाकी के मुताबिक अगर बड़ा क्रैश आता है तो वैकल्पिक एसेट्स में तेज उछाल देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में गोल्ड 35,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है, सिल्वर 200 डॉलर तक जा सकता है, बिटकॉइन 7,50,000 डॉलर तक और एथेरियम करीब 95,000 डॉलर तक पहुंच सकता है।

उनका मानना है कि महंगाई, करेंसी की कमजोरी और वित्तीय जोखिम से बचाव के लिए हार्ड एसेट्स और विकेंद्रीकृत करेंसी बेहतर विकल्प बन सकते हैं। इसी बीच अर्थशास्त्री और गोल्ड समर्थक पीटर शिफ ने भी कीमती धातुओं में तेजी के संकेत दिए हैं, खासकर सिल्वर को लेकर। उनका कहना है कि सिल्वर ने हाल में एक मजबूत ब्रेकआउट दिया है और इसमें अगली बड़ी तेजी कभी भी शुरू हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जो निवेशक अभी कम कीमत का इंतजार कर रहे हैं, वे इस संभावित रैली को मिस कर सकते हैं।

पीटर शिफ के अनुसार गोल्ड और सिल्वर से जुड़े माइनिंग शेयरों में हाल के समय में गिरावट देखी गई है। GDX और GDXJ जैसे माइनिंग इंडेक्स अपने हालिया हाई से करीब 25 प्रतिशत नीचे आ चुके हैं और बेयर मार्केट के दायरे में पहुंच गए हैं। हालांकि इसके बावजूद साल की शुरुआत से अब तक इनमें बढ़त बनी हुई है। ऐसे में लंबी अवधि के निवेशकों के लिए इनमें अवसर बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *