रुपया और गर्त में गया, अब 38 पैसा टूटकर डॉलर के मुकाबले 90.32 रुपये के स्तर पर पहुंच गया
नई दिल्ली: भारतीय रुपया आज एक बार फिर डॉलर के मुकाबले ऑल-टाइम लो पर पहुंच गया। रुपया गुरुवार को डॉलर के मुकाबले 90.4675 के स्तर पर आ गया। इससे पहले यह 4 दिसंबर 90.42 के स्तर तक गिरा था। इस साल 2025 में रुपया डॉलर के मुकाबले 5% से ज्यादा गिर चुका है। 31 प्रमुख करेंसीज में तीसरा सबसे ज्यादा खराब प्रदर्शन करने वाली करेंसी है। सिर्फ तुर्की की लीरा और अर्जेंटीना की पेसो में ही रुपये से ज्यादा गिरावट आई है। यह गिरावट तब आई है जब डॉलर इंडेक्स में 7% से ज्यादा गिरावट आई है।
RBI ने गुरुवार को रुपये को और गिरने से बचाने के लिए हस्तक्षेप किया। रुपये के इस खराब प्रदर्शन के पीछे कई कारण हैं। इनमें बढ़ता व्यापार घाटा, भारतीय सामान पर अमेरिका में 50% का भारी टैरिफ और देश से बाहर जाने वाला विदेशी पैसा शामिल है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत का सफल न होना भी रुपये की स्थिति को और कमजोर कर रहा है।
रुपया 90 के अहम स्तर को पार करने के बाद दबाव में है। यह स्थिति आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा और केंद्रीय बैंक के अधिकारियों के लिए रुपये की अस्थिरता और बाजार की स्थिरता के बीच संतुलन बनाए रखने में और मुश्किलें पैदा कर रही है। भारत में पूंजी नियंत्रण रुपये की परिवर्तनीयता को सीमित करता है। इसका मतलब है कि आरबीआई को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में हस्तक्षेप करना पड़ता है।

