सैमसंग को बड़ा झटका, भारत ने लगाया 4,400 करोड़ का टैक्स और जुर्माना
मुंबई- सैमसंग इंडिया को बड़ा झटका लगा है। कंपनी को 4,400 करोड़ रुपये टैक्स भरने का आदेश दिया है। साथ ही, सात कर्मचारियों पर करीब 700 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इस तरह से कुल 5,100 करोड़ रुपये (60.1 करोड़ डॉलर) सैमसंग को देने होंगे। कंपनी ने पिछले साल 95.5 करोड़ डॉलर का मुनाफा कमाई थी और भारत की नई मांग इस मुनाफे का एक बड़ा हिस्सा है।
यह मामला 2018 से 2021 के बीच सैमसंग की ओर से आयात किए गए एक खास टेलीकॉम उपकरण रिमोट रेडियो हेड से जुड़ा है। इसे गलत तरीके से वर्गीकरण करने का आरोप है। सैमसंग का कहना है कि उसे इस मामले में रिलायंस जियो ने धोखे में रखा। रिलायंस को 2017 में ही टैक्स अधिकारियों ने इस गलत वर्गीकरण के बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन रिलायंस ने सैमसंग को इसकी जानकारी नहीं दी। टैक्स अधिकारियों ने भी सैमसंग से इस बारे में कभी सवाल नहीं किया। सैमसंग का दावा है कि कर विभाग को वर्गीकरण की पूरी जानकारी थी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कंपनी इसके खिलाफ अपील की है।
सैमसंग ने कहा, टैक्स अधिकारियों ने जनवरी में जल्दबाजी में यह आदेश पारित किया और कंपनी को पक्ष रखने का पूरा मौका नहीं दिया। टैक्स अधिकारियों का आरोप है कि सैमसंग ने कोरिया और वियतनाम से 78.4 करोड़ डॉलर के आयात पर गलत वर्गीकरण कर ज्यादा मुनाफा कमाने की कोशिश की। इससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ।
टैक्स अधिकारियों ने जनवरी में सैमसंग से 52 करोड़ डॉलर भरने को कहा था। अधिकारियों का कहना है कि सैमसंग ने मोबाइल टावर के एक खास उपकरण को गलत तरीके से दिखाकर 10-20 फीसदी टैक्स बचाया। सैमसंग ने ये उपकरण मुकेश अंबानी की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो को 2018 से 2021 के बीच बेचे थे।

