एचडीएफसी बैंक के दो अधिकारियों पर बोर्ड की जानकारी लीक करने का आरोप
मुंबई- देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC बैंक के 2 सीनियर अफसरों पर बिजनेस सीक्रेट्स (गोपनीय जानकारी) लीक करने का आरोप लगा है। बैंक ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि लीक हुई जानकारी का कोई गलत इस्तेमाल हुआ है या नहीं, जिसके बाद उन पर कार्रवाई तय होगी।
हालांकि, बैंक ने अफसरों के नाम या जांच में क्या निकला, इस पर कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। बैंक का कहना है कि जांच पूरी होते ही रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला ऐसे वक्त सामने आया है जब 27 अक्टूबर को अनुप बागची HDFC बैंक के नए CEO बनने जा रहे हैं। 1994 में शुरू हुए HDFC बैंक की कुल वैल्यू करीब 10.86 लाख करोड़ रुपए है। हालांकि, अंदरूनी विवादों और सीनियर अफसरों के इस्तीफों के चलते इस साल इसके शेयर की कीमत में करीब 28% की बड़ी गिरावट आ चुकी है।
पिछले कुछ महीनों से बैंक के अंदर की खींचतान खुलकर सामने आ रही है। इस साल मार्च में बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने अचानक यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया कि बैंक के तौर-तरीके उनके उसूलों से मेल नहीं खा रहे। हालांकि, बैंक की जांच में उनके आरोपों में कोई सच्चाई नहीं पाई गई।मौजूदा CEO शशिधर जगदीशन ने 6 साल काम करने के बाद आगे पद पर न रहने का अचानक फैसला लिया, जिसके बाद नए CEO की तलाश हुई।

