शेयर बाजार में आने वाली है बहुत बड़ी गिरावट, इस फंड मैनेजर ने दी चेतावनी
मुंबई- शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आने वाली है। दिग्गज अमेरिकी इनवेस्टर और फंड मैनेजर माइकल बरी ने यह कहा है। खास बात यह है कि बरी ने 2008 में आई फाइनेंशियल क्राइसिस के बारे में भी पहले ही बता दिया था। तब अमेरिका का हाउसिंग मार्केट धराशाई हो गया था। इसका असर अमेरिकी शेयर बाजारों सहित दुनियाभर के बाजारों पर पड़ा था। भारत के शेयर बाजारों में भी बड़ी गिरावट आई थी।
बरी ने कहा है कि अमेरिकी शेयर बाजारों में जो जबर्दस्त तेजी दिख रही है, उसका अंत बड़ी गिरावट के साथ हो सकता है। यह गिरावट 1987 के स्टॉक मार्केट क्रैश जैसी होगी। बरी ने सबप्राइम मॉर्टगेज क्रैश करने के बारे में पहले ही बता दिया था। ‘बिग शॉट’ में उनके पूर्वानुमान को दिखाया गया है। फिर से उन्होंने बाजार में बड़ी गिरावट का अनुमान जताया है।
Substack Post में उन्होंने मार्केट क्रैश का अनुमान तब जताया है, जब अमेरिकी शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक खासकर S&P500 और Nasdaq नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। 4 अगस्त को एसएंडपी500 1.9 फीसदी चढ़ा। इससे यह ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया है। नैस्डेक भी 2.7 फीसदी के उछाल के साथ नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर है।
शेयर बाजारों में जारी तेजी के बीच बरी ने कहा कि बाजार के प्रमुख सूचकांक पीक की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरा अब भी यह मानना है कि संभवत: मार्केट्स नए टॉप के करीब हैं। बड़ी गिरावट आने से पहले एसएंडपी500 में तेजी जारी रहेगी, जिससे शेयरों में निवेश और बढ़ेगा। फिर मार्केट की चाल पलट जाएगी।”
उन्होंने कहा कि लेवरेज (leverage) बढ़ने से मार्केट में बड़ी गिरावट का डर उसी तरह से बढ़ गया है, जैसी गिरावट 1987 के मार्केट क्रैश में दिखी थी। 19 अक्तूबर, 1987 के दिन को ‘Black Monday’ कहा जाता है। तब Dow jones Industrial Average (DJIA) एक दिन में 22.61 फीसदी क्रैश कर गया था। न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज की वैल्यू एक दिन में 500 अरब डॉलर घट गई थी। इसे अमेरिकी मार्केट के इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट माना जाता है।

