जोमैटो का शेयर एक लाख रुपये के निवेश को बना सकता है 1.34 लाख रुपये

मुंबई- जोमैटो की पैरेंट कंपनी इटरनल के शेयर में एक लाख रुपये का निवेश 1.34 लाख रुपये बन सकता है। मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट ने इस शेयर को खरीदने की सलाह दी है। उसका मानना है कि यह शेयर 380 रुपये तक जा सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इटरनल का शेयर का रिकॉर्ड 368 रुपये रहा है और अब आगे यह उससे भी पार हो सकता है। मोतीलाल ओसवाल ने Eternal के तीन बड़े कारोबार का एनालिसिस किया है। पहला फूड डिलीवरी, दूसरा क्विक कॉमर्स (Blinkit) और तीसरा District (Going Out Business)।

ब्रोकरेज का कहना है कि फूड डिलीवरी कारोबार लगातार सुधर रहा है। Blinkit में प्रतिस्पर्धा बढ़ने के बावजूद ग्रोथ बनी हुई है। वहीं District अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन इसमें लंबी अवधि की अच्छी संभावनाएं हैं।

मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक, FY26 में फूड डिलीवरी बिजनेस का नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) 16% बढ़ा। पिछले तीन तिमाहियों से इसमें लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी ने Gold मेंबर के लिए न्यूनतम ऑर्डर वैल्यू घटाई है। साथ ही कम कीमत वाले ग्राहकों पर भी ज्यादा फोकस किया है। प्लेटफॉर्म फीस बढ़ने से प्रति ऑर्डर कमाई भी बेहतर हुई है।

ब्रोकरेज का कहना है कि क्विक कॉमर्स में प्रतिस्पर्धा काफी तेज है। कंपनियां कीमत, ऑफर और कम न्यूनतम ऑर्डर वैल्यू के दम पर ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इसके बावजूद Blinkit अब एडजस्टेड EBITDA ब्रेक-ईवन हासिल कर चुका है। पुराने बाजारों में EBITDA Margin 5% से 6% तक पहुंच गया है।

मार्च तिमाही के अंत तक Blinkit के 2,243 स्टोर थे। कंपनी का लक्ष्य अगले साल मार्च तक 3,000 स्टोर खोलने का है। मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि इस वित्त वर्ष Blinkit की ग्रोथ करीब 70% रह सकती है। पहले के मुकाबले यह रफ्तार थोड़ी कम होगी, लेकिन इसे सामान्य स्थिति माना जा रहा है। ब्रोकरेज का मानना है कि इससे मुनाफे का रास्ता और साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *