इस महीने आईपीओ की मचेगी धूम, अब तक आए इश्यू को मिले अच्छे रिस्पांस

मुंबई- आईपीओ का बाजार अब फिर से गुलजार होने जा रहा है। इस महीने पूरी रफ्तार पकड़ने के लिए तैयार है। नेक्सस वेंचर्स के निवेश वाली इंश्योरटेक स्टार्टअप कंपनी टर्टलमिंट इसी महीने अपना मेगा आईपीओ लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

टर्टलमिंट ने मार्केट में डिमांड का जायजा लेने के लिए पिछले कुछ हफ्तों में संस्थागत निवेशकों के साथ बातचीत की है और कंपनी अब आईपीओ लॉन्च करने के आखिरी चरण में है। निवेशकों से मिले अच्छे रिस्पांस को देखते हुए उम्मीद है कि कंपनी जून के अंत तक बाजार में दस्तक दे देगी, हालांकि अंतिम फैसला बाजार के उतार-चढ़ाव को देखकर लिया जाएगा।

टर्टलमिंट इस आईपीओ के जरिए ₹660.7 करोड़ के नए शेयर जारी करेगी। इसके साथ ही मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 2.86 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) लाया जाएगा। कुल मिलाकर इस आईपीओ का साइज करीब ₹1500 करोड़ रुपये से ₹2000 करोड़ के बीच होने की उम्मीद है।

हिलहाउस के स्वामित्व वाली कंपनी एलिवेट कैंपसेज भी इसी महीने अपना आईपीओ लाने वाली थी, लेकिन कंपनी ने अब इसे अगली तिमाही (Q2) के लिए टाल दिया है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि वे जून में लिस्टिंग की योजना नहीं बना रहे हैं। एलिवेट कैंपसेज आईपीओ के जरिए ₹2550 करोड़ जुटाने की तैयारी में है।

बाजार में जून के महीने में दो कंपनियां पहले ही अपने आईपीओ लॉन्च कर चुकी हैं। सीएमआर ग्रीन टेक के 631 करोड़ के आईपीओ को 127 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। हेक्सागन न्यूट्रिशन का 139 करोड़ का आईपीओ 5 जून को खुला और पहले ही दिन इसे 1.65 गुना सब्सक्रिप्शन मिल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *