आयशर मोटर्स देगी हर शेयर पर 82 रुपये का डिविडेंड, मुनाफा 1,520 करोड़ रुपये
मुंबई- आयशर मोटर्स का मार्च तिमाही में फायदा 12 फीसदी बढ़कर 1,520 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का रेवेन्यू 16 फीसदी बढ़कर 6,080 करोड़ रुपये रहा। Eicher Motors ने शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया। कंपनी के शेयरों पर नतीजों का असर 25 मई को देखने को मिलेगा।
कंपनी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बनाती है, जिसकी स्ट्रॉन्ग डिमांड है। कंपनी ने प्रति शेयर 82 रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया है। प्रीमियम मोटरसाइकिल बनाने वाली कंपनी को जीएसटी में कमी का सबसे ज्यादा फायदा मिला है। सरकार ने पिछले साल सितंबर में 350 सीसी कैटेगरी की मोटरसाइकिल पर जीएसटी 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया था। कंपनी के पोर्टफोलियो में 350 सीसी कैटेगरी की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है।
आयशर मोटर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर बी गोविंदराजन ने कहा कि FY26 कंपनी और रॉयल एनफील्ड के लिए असाधारण साल रहा। इस दौरान ग्रोथ स्ट्रॉन्ग रही और वाॉल्यूम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। कंपनी ने लगातार दूसरे साल 10 लाख मोटरसाइकिल की बिक्री का लक्ष्य हासिल किया। कंपनी के लिए पिछले साल का फेस्टिव सीजन भी शानदार रहा।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने इस साल अप्रैल में अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल लॉन्च की। उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय बिजनेस पर फोकस बनाए रखा है। ब्राजील जैसे बाजारों में कंपनी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। कंपनी भविष्य को ध्यान में रख अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है। इसके लिए वह अपने प्लांट्स पर 958 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।

