बजाज ऑटो देगी 150 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड, 2,746 करोड़ रुपये का फायदा
मुंबई- Bajaj Auto को मार्च तिमाही में 2,746 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। यह पिछले साल के ₹2,049 करोड़ के मुकाबले 34 प्रतिशत ज्यादा है। इसने अब तक का सबसे ज्यादा स्टैंडअलोन मुनाफा दर्ज किया है। इस बढ़त के पीछे घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों में मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ रही।
बजाज ऑटो ने बताया कि इस मुनाफे में ₹35 करोड़ का एक एक्सेप्शनल गेन भी शामिल है। यह सेल्स टैक्स डिफरल लोन को डिस्काउंट पर पहले चुकाने से मिला। बजाज ऑटो का रेवेन्यू 32 प्रतिशत बढ़कर ₹16,006 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹12,148 करोड़ था।
घरेलू बाजार में टू-व्हीलर और कमर्शियल व्हीकल की बिक्री 24 प्रतिशत बढ़कर 7,60,846 यूनिट हो गई। निर्यात भी 25 प्रतिशत बढ़कर 6,10,212 यूनिट पहुंच गया। कुल मिलाकर कंपनी की कुल बिक्री 24 प्रतिशत बढ़कर 13,71,058 यूनिट हो गई।
निर्यात बाजार में Pulsar ब्रांड ने मजबूत प्रदर्शन किया, खासकर लैटिन अमेरिका में। इसके अलावा अफ्रीका और एशिया के बाजारों में भी डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज की गई। कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी तेजी बनी रही, जिसमें ICE पोर्टफोलियो और इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की बढ़ती मांग का योगदान रहा।
बजाज ऑटो के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹150 प्रति शेयर (1500%) का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। यह डिविडेंड 24 जुलाई 2026 के आसपास निवेशकों के खाते में भेज दिया जाएगा। बजाज ऑटो ने 29 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है।

