एचडीएफसी बैंक के एमडी के खिलाफ इंटरनल चार्जशीट जारी, बैंक ने एक्सचेंज को नहीं दी जानकारी
मुंबई- एचडीएफसी बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ शशि जगदीशन के विरुद्ध आरोप पत्र जारी किया गया है। यह आरोप पत्र आंतरिक जांच की एक महत्वपूर्ण घटना है, जिसका खुलासा स्टॉक एक्सचेंजों को करना आवश्यक है। लेकिन आश्चर्य यह है कि बैंक ने स्टॉक एक्सचेंजों को इसका खुलासा नहीं किया है। मार्केट रेगलुटेर सेबी (एलओडीडीआर) विनियमों के तहत सूचीबद्ध कंपनियों को उन सभी महत्वपूर्ण घटनाओं का खुलासा करना अनिवार्य है, जिनमें वे घटनाएं भी शामिल हैं जो बैंक की प्रतिष्ठा, प्रबंधन या वित्तीय स्थिति को प्रभावित कर सकती हैं।
आंतरिक जांच में शीर्ष प्रबंधन के विरुद्ध आरोप पत्र को महत्वपूर्ण माना जाता है और यह निवेशकों के निर्णयों को संभावित रूप से प्रभावित कर सकता है। सेबी सूचीबद्ध इकाई, उसके निदेशकों या प्रमुख प्रबंधकीय कर्मियों द्वारा किए गए धोखाधड़ी या चूक का अनिवार्य खुलासा अनिवार्य करता है। वित्त मंत्रालय और नियामक निकायों ने पूर्णकालिक निदेशकों (डब्ल्यूटीडी) और शीर्ष अधिकारियों से संबंधित प्रतिकूल सूचनाओं की शीघ्र रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान दिया है। ऐसी जांचें संभावित कुप्रबंधन और अनियमितताओं को उजागर करती हैं, जो बैंक की ब्रांड इक्विटी को प्रतिकूल रूप से प्रभावित कर सकती हैं।
हालांकि आंतरिक जांच अक्सर गोपनीय होती हैं। एक औपचारिक आंतरिक “आरोप पत्र”—जो कदाचार के औपचारिक आरोप को दर्शाता है एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है जो मात्र अफवाह से कहीं अधिक गंभीर होता है।
बैंक का निदेशक मंडल यह निर्धारित करने के लिए उत्तरदायी है कि ऐसी जानकारी महत्वपूर्ण है या नहीं। हालांकि, सीईओ के खिलाफ आरोप पत्र को लगभग हमेशा ही महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रबंध निदेशक और सीईओ के खिलाफ आरोप पत्र को गोपनीय आंतरिक जानकारी नहीं माना जाता है और कॉर्पोरेट गवर्नेंस मानकों को बनाए रखने और निवेशकों को सूचित रखने के लिए इसका खुलासा करना आवश्यक है।
एचडीएफसी बैंक के बोर्ड द्वारा एक महत्वपूर्ण घटना को दबाना एक गंभीर गवर्नेंस मुद्दा है। सीईओ शशिधर जगदीशन और सीएफओ श्रीनिवासन वैद्यनाथन, दोनों प्रमुख प्रबंधकीय व्यक्ति एक आंतरिक सतर्कता जांच में गंभीर नियामक उल्लंघन और आपराधिक अपराधों के आरोपों में आरोपित हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने करोड़ों रुपये के फर्जी मार्केटिंग खर्च गुप्त रूप से किए, ताकि एक विशेष ग्राहक की जमा राशि की अनुचित मांग को पूरा किया जा सके, जो संयोगवश एक राज्य सरकार का निकाय है।
एचडीएफसी बैंक का बोर्ड इस महत्वपूर्ण घटना और तत्काल डिस्क्लेमर की संबंधित प्रशासनिक आवश्यकता से पूरी तरह अवगत होने के बावजूद, जानबूझकर इसे दबाने का विकल्प चुना है।
एचडीएफसी बैंक बोर्ड, जिसके पार्टटाइम चेयरमैन केकी मिस्त्री और अकाउंटिंग समिति के अध्यक्ष एमडी रंगनाथन हैं, अगले सप्ताह के आरंभ में नियामक आरबीआई से मिलने की योजना बना रहे हैं। इस बैठक का उद्देश्य शशिधर जगदीशन को तीसरे कार्यकाल के लिए प्रबंध एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में औपचारिक रूप से पुनर्नियुक्त करने और सीएफओ वैद्यनाथन को दूसरी बार कार्यकाल विस्तार देने के लिए उनकी स्वीकृति प्राप्त करना है। इसके बाद, सेवानिवृत्त पूर्णकालिक निदेशक भावेश जावेरी के स्थान पर उन्हें पूर्णकालिक निदेशक के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की जाएगी।
ऐसी संभावना है कि यदि वे सफल हो जाते हैं, तो एचडीएफसी बोर्ड पार्टटाइम चेयरमैन केकी मिस्त्री के स्थान पर एमडी रंगनाथन को तीन साल के कार्यकाल के लिए एचडीएफसी बैंक बोर्ड के पार्टटाइम चेयरमैन के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश करेगा। एचडीएफसी बैंक बोर्ड के चुनिंदा सदस्यों की आरबीआई के साथ यह अनौपचारिक बैठक इसी सप्ताह हो सकती थी, लेकिन आरबीआई के डेप्यूटी गवर्नर की अनुपलब्धता के कारण यह संभव नहीं हो सकी।
आरोप पत्र दायर होने के बाद आरबीआई नियमों के अनुसार, सामान्यतः कोई भी निदेशक या सीईओ ‘योग्यता और उपयुक्तता’ की कसौटी पर खरा नहीं उतर सकता। यह देखना रोचक होगा कि यह आरबीआई के डीजी इस नियामक आवश्यकता को दरकिनार करते हुए उनकी पुनर्नियुक्ति को कैसे मंजूरी देते हैं। यह भी उल्लेखनीय है कि इस डीजी का कार्यकाल अगले 2-3 महीनों में समाप्त हो रहा है।

