एक लीटर में चलेगी 26 किलोमीटर, ये है 5 लाख की कार
मुंबई- मारुति सुजुकी ने अपनी लो-बजट हैचबैक सेलेरियो का नया मॉडल बुधवार को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4.99 लाख रुपए है। कंपनी ने नए मॉडल में कुछ बदलाव किए हैं। साथ ही, इसे स्पोर्टी लुक देने की कोशिश की है। कार की सबसे खास बात है कि इसका पेट्रोल वैरिएंट 26.68 किमी प्रति लीटर का माइलेज देगा। यानी अब ये देश की सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली पेट्रोल कार बन गई है।
सेलेरियो को 2014 में लॉन्च किया गया था। पिछले 7 साल में कंपनी ने इसकी 5.9 लाख यूनिट्स बेची हैं। नई सेलेरियो में नया K10C डुअलजेट 1.0-लीटर थ्री-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया है। ये स्टार्ट/स्टॉप सिस्टम के साथ आता है। ये इंजन 66 hp का पावर और 89 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ये अपने मौजूदा मॉडल की तुलना में 2 hp का पावर और 1 Nm का टॉर्क कम जनरेट करता है। इंजन को 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स से जोड़ा है। इसके LXI वैरिएंट में ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन नहीं मिलेगा। कंपनी का दावा है कि ये इसका माइलेज 26.68 kmpl है, जो मौजूदा मॉडल की तुलना में 23% ज्यादा है।
सेलेरियो में 3D स्कल्प्टेड एक्सटीरियर बॉडी प्रोफाइल के साथ नया रेडिएंट फ्रंट ग्रिल, शार्प हेडलाइट यूनिट और फॉग लाइट केसिंग मिलेगा। ब्लैक एक्सेंट वाला फ्रंट बंपर भी नया है। इसमें कुछ एलिमेंट एस-प्रेसो से भी लिए गए हैं। कार का साइड प्रोफाइल भी आउटगोइंग मॉडल की तुलना में पूरी तरह से अलग दिखता है।

