एलआईसी का फायदा बढ़ा, लेकिन नई पॉलिसियों की बिक्री में भारी गिरावट

मुंबई- देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को दूसरी तिमाही में 12,076 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान तमाही के 10,053 करोड़ रुपये की तुलना में यह 20 पर्सेंट अधिक है।

कंपनी की कुल आय 2.39 लाख करोड़ से बढ़कर ₹2,62,739 करोड़ हो गई। नेट प्रीमियम इनकम सितंबर तिमाही में बढ़कर ₹1,47,018 करोड़ हो गई। पिछले साल की समान अवधि में यह ₹1,26,479 करोड़ थी। वहीं, रिन्यूअल प्रीमियम भी बढ़कर ₹68,375 करोड़ हो गया, जो एक साल पहले ₹64,996 करोड़ था।

कंपनी के फर्स्ट ईयर प्रीमियम में मामूली गिरावट दर्ज की गई। सितंबर तिमाही में यह ₹10,432 करोड़ रहा। पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹10,836 करोड़ था। एनालिस्टों का मानना है कि पिछले साल के कमजोर आधार का LIC को फायदा मिला। 1 साल के दौरान इसके शेयरों ने करीब 9 पर्सेंट का घाटा दिया है।

सालाना आधार पर एलआईसी का मुनाफा बढ़ा है, लेकिन पिछली यानी जून तिमाही के मुकाबले इसमें गिरावट आई है। जून 2026 तिमाही में कंपनी का मुनाफा 13,492 करोड़ रुपये था, जो सितंबर तिमाही में घटकर 12,076 करोड़ रुपये रह गया। यानी तीन महीने में मुनाफा करीब 10.5 फीसदी घटा है।

एलआईसी को पुरानी पॉलिसियों के प्रीमियम और एकमुश्त प्रीमियम से अच्छी कमाई हुई है। सितंबर तिमाही में कंपनी की रिन्यूअल प्रीमियम इनकम 5.2 फीसदी बढ़कर 68,375 करोड़ रुपये रही। यह वह रकम है, जो पुराने ग्राहक अपनी पॉलिसी जारी रखने के लिए देते हैं। वहीं, सिंगल प्रीमियम से कमाई 34.6 फीसदी बढ़कर 68,403 करोड़ रुपये पहुंच गई। सिंगल प्रीमियम वाली पॉलिसी में ग्राहक पूरी रकम एक बार में जमा करते हैं। हालांकि, पहली बार मिलने वाला प्रीमियम पिछले साल के 10,836 करोड़ रुपये से घटकर 10,432 करोड़ रुपये रह गया।

एलआईसी के मुनाफे में बढ़ोतरी के बावजूद नई पॉलिसियों की बिक्री घटी है। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कंपनी ने व्यक्तिगत ग्राहकों को करीब 70.97 लाख पॉलिसियां बेचीं। पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 72.61 लाख थी। यानी कंपनी ने इस बार करीब 1.64 लाख कम पॉलिसियां बेची हैं। हालांकि, कंपनी के नए कारोबार से भविष्य में होने वाले अनुमानित मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। इसे वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस यानी वीएनबी कहा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *