एसबीआई का फायदा 14 पर्सेंट बढ़कर 23,000 करोड़ पार, शेयर जाएगा 1330 तक
मुंबई- देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI को सितंबर तिमाही में ₹23,038 करोड़ का मुनाफा हुआ है। यह पिछले साल इसी समय के 20,160 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 14% ज्यादा है।
बैंक की मुख्य कमाई लोगों को दिए गए कर्ज पर मिलने वाले ब्याज यानी एनआईआई से होती है। नेट इंटरेस्ट इनकम बढ़कर ₹49,142 करोड़ पर पहुंच गई है। इसमें पिछले साल के मुकाबले करीब 15% की बढ़त दर्ज की गई है। पिछले साल यह करीब ₹42,847 करोड़ थी।
सितंबर 2026 तिमाही के आखिर तक SBI का कुल उधारी 44.19 लाख करोड़ से 18 पर्सेंट बढ़कर 60 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। डिपॉजिट 55.91 लाख करोड़ रुपये से 12.27 प्रतिशत बढ़कर 62,77,919 करोड़ रुपये हो गया।
इतने बेहतर रिजल्ट के बावजूद मंगलवार को बैंक का शेयर 1.8 प्रतिशत तक गिरकर 968.85 रुपये के लो तक गया। बैंक का मार्केट कैप 8.99 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। यह 6 महीनों में 12 प्रतिशत गिरा है।
बैंक के ग्राहकों के दिए कर्ज की स्थिति यानी एसेट क्वालिटी भी बेहतर हुई है। यानी लोगों को दिया गया पैसा समय पर वापस लौट रहा है और बैंक का डूबा हुआ पैसा कम हुआ है। बैंक का वास्तविक फंसा हुआ कर्ज यानी नेट NPA अनुपात घटकर मात्र 0.36% रह गया है।
उधर, मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि बैंक का शेयर 1370 रुपये तक जा सकता है। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज का अनुमान है कि यह शेयर 1300 रुपये तक जा सकता है। एक्सिस डायरेक्ट ने 1280 रुपये और प्रभुदास लीलाधर ने 1200 रुपये का अनुमान लगाया है। बैंक की 22,500 से ज्यादा ब्रांच और 50 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। बैंक दुनिया के 29 देशों में काम करता है।

