अदाणी समूह के शेयरों में 43 पर्सेंट तक मिल सकता है रिटर्न, यह है इसका भाव

मुंबई- शुक्रवार को अदाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। शेयरों में यह तेजी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की रिपोर्ट के बाद आई। जेफरीज ने अदाणी पावर, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है।

अदाणी टोटल गैस के शेयर में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। बीएसई पर शेयर कारोबार के दौरान 15 फीसदी चढ़कर 674.80 रुपये तक पहुंच गया। शेयर में कारोबार भी काफी बढ़ा और औसत के मुकाबले करीब आठ गुना ज्यादा कारोबार हुआ। अदाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर करीब 6 फीसदी बढ़कर 1,338.05 रुपये तक पहुंचा। अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में करीब 4 फीसदी, अदाणी एंटरप्राइजेज में 3 फीसदी और अदाणी पावर तथा अदाणी पोर्ट्स में करीब 2-2 फीसदी की तेजी देखने को मिली।

जेफरीज ने अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का लक्ष्य 2,060 रुपये प्रति शेयर का रखा है। कंपनी को बिजली ट्रांसमिशन, स्मार्ट मीटर और बिजली कारोबार के विस्तार से फायदा मिल सकता है। कंपनी के मैनेजमेंट के मुताबिक भारत में बिजली ट्रांसमिशन कारोबार में आगे भी अच्छी संभावनाएं बनी हुई हैं।

जेफरीज के मुताबिक अदाणी ग्रीन एनर्जी का मैनेजमेंट वित्त वर्ष 2026-27 में 5 गीगावॉट नई क्षमता जोड़ने को लेकर भरोसे में है। कंपनी बिजली ट्रांसमिशन की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए नई क्षमता जोड़ने की योजना बना रही है। जेफरीज ने अदाणी ग्रीन एनर्जी के लिए 1,695 रुपये प्रति शेयर का टारगेट दिया है।

अदाणी पावर ने वित्त वर्ष 2031-32 तक अपनी बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 45 गीगावॉट करने का टारगेट रखा है। कंपनी की आने वाली 23.7 गीगावॉट क्षमता में से करीब 56 फीसदी के लिए पहले ही लंबे समय के बिजली खरीद समझौते हो चुके हैं। जेफरीज ने अदाणी पावर के शेयर के लिए 270 रुपये का टारगेट रखा है।

जेफरीज के मुताबिक कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी हुई है और वित्त वर्ष 2030-31 तक उसके पास कर्ज से ज्यादा नकदी होने की संभावना है। ब्रोकरेज ने अदाणी पोर्ट्स के लिए 2,160 रुपये प्रति शेयर का टारगेट रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *