कायजाद के साथ एचडीएफसी बैंक ने आरबीआई को भेजा एमडी के लिए दो नाम
मुंबई- प्राइवेट बैंक एचडीएफसी के बोर्ड ने शनिवार को मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ की नियुक्ति प्रक्रिया को मंजूरी दे दी। इनमें प्रिफरेंस के क्रम में दो उम्मीदवारों के नाम सब्मिट करने और उनके सैलरी पैकेज के प्रस्ताव शामिल हैं। आरबीआई की मंजूरी के बाद यह नियुक्ति तीन साल के लिए होगी।
एचडीएफसी बैंक ने जो दो नाम आरबीआई को भेजे हैं उसमें एक तो बैंक के वरिष्ठ अधिकारी कायजाद भरूचा का है। दूसरा नाम बैंक के बाहर से है जो एक बैंक में वरिष्ठ अधिकारी हैं। HDFC Bank ने कहा कि प्रस्ताव को गवर्नेंस, नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिशों के आधार पर एप्रूवल मिल गया।
बोर्ड ने वी श्रीनिवास रंगन (एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर) की पुनर्नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी। साथ ही बैंक के बोर्ड ने होल-टाइम डायरेक्टर के रूप में जिमी टाटा की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी। एचडीएफसी बैंक को इस साल अक्तूबर में शशिधर जगदीशन के रिटायरमेंट से पहले नए एमडी एवं सीईओ की नियुक्ति करनी है।
नवनियुक्त होल टाइम डायरेक्टर जिमी टाटा 1994 से ही एचडीएफसी बैंक में रहे हैं। अभी वह चीफ क्रेडिट अफसर हैं। उन्हें 2013 में चीफ रिस्क अफसर नियुक्त किया गया था। उससे पहले वह कॉर्पोरेट बैंकिंग डिपार्टमेंट के हेड थे। रंगन अभी ह्यूमन रिसोर्सेज, कॉर्पोरेट लीगल, ग्रुप ओवरसाइट और सेक्रेटेरियल फंक्शंस के हेड हैं। साथ ही उन पर इनवेस्टमेंट बैंकिंग, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, एथिक्स, फ्रॉड और विजिलेंस की जिम्मेदारी है।
HDFC Bank के शेयरों ने इस साल निवेशकों को जमकर घाटा दिया है। जिन निवेशकों ने बैंक के शेयरों में एक लाख रुपये का निवेश किया होगा, वह रकम घटकर अब 70,000 रुपये रह गई है। इससे इस बैंक के शेयर से निवेशकों का मोहभंग हो गया है।

