एनएसई का वैल्यूएशन 5.26 लाख करोड़ रुपये, सितंबर तक आ सकता है आईपीओ

मुंबई- देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) अपने पब्लिक इश्यू में 5.26 लाख करोड़ रुपये तक का वैल्युएशन हासिल करने की तैयारी कर रहा है। संभावित निवेशकों के साथ हुई बैठकों में एनएसई के शेयर के लिए 2,000 से 2,100 रुपये तक की कीमत पेश की गई है। हालांकि, आईपीओ के वैल्युएशंस, कीमत और दूसरी शर्तों पर अभी बातचीत चल रही है। इनमें बदलाव भी हो सकता है।

अगर एनएसई को 55 अरब डॉलर का वैल्युएशंस मिलता है तो आईपीओ में करीब 6 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर लगभग 31,500 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं। इस लिहाज से एनएसई का आईपीओ हुंडई मोटर इंडिया को पीछे छोड़कर देश का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू बन सकता है।

एनएसई ने जून 2026 में मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास आईपीओ के लिए ड्राफ्ट दस्तावेज जमा किए थे। प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी ओएफएस होगा। इसमें मौजूदा शेयरधारक 14.89 करोड़ तक शेयर बेच सकते हैं, जो कंपनी की करीब 6 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है ओएफएस होने के कारण आईपीओ से मिलने वाली रकम एनएसई को नहीं मिलेगी। यह पैसा शेयर बेचने वाले मौजूदा निवेशकों के पास जाएगा।

एनएसई ने संभावित निवेशकों के सामने प्रति शेयर 2,000 से 2,100 रुपये तक की कीमत रखी है। ऊपरी स्तर के आधार पर एक्सचेंज का मूल्यांकन करीब 5.26 लाख करोड़ रुपये बैठता है। हालांकि, यह आईपीओ का आधिकारिक प्राइस बैंड नहीं है। अंतिम कीमत सेबी की मंजूरी, निवेशकों की मांग और बाजार की परिस्थितियों को देखते हुए तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *