म्यूचुअल फंड में एक महीने में 2.35 लाख करोड़ का निवेश, यहां पैसा लगा रहे हैं निवेशक

मुंबई- देश में म्‍यूचुअल फंड में लोगों ने एक महीने में 2.35 लाख करोड़ लगा डाले। AMFI यानी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया ने मंगलवार को जो आंकड़े जारी किए हैं, उसके मुताबिक म्यूचुअल फंड्स का कुल AUM यानी एसेट्स अंडर मैनेजमेंट का आंकड़ा बढ़कर 85.76 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है।

डेट-ओरिएंटेड स्‍कीम्‍स में जुलाई में 1.88 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश मिला. इसके अलावा, शेयर बाजार से जुड़ी इक्विटी-ओरिएंटेड (Equity-oriented) स्‍कीम्‍स में निवेशकों ने इनमें 24,697 करोड़ रुपये डाले. 31 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार, म्यूचुअल फंड योजनाओं का कुल एयूएम 85,75,656 करोड़ रुपये रहा। ओपन-इंडेक्स्ड और ओपन-एंडेड योजनाओं ने भी इंडस्ट्री की बढ़त में अहम भूमिका निभाई, जिनका कुल एयूएम बढ़कर 85,59,041 करोड़ रुपये हो गया है।

दूसरी ओर, कुछ कैटगरी में निकासी (Outflow) भी देखने को मिली. लार्ज-कैप फंड्स से जुलाई के दौरान 1,321.69 करोड़ रुपये, ईएलएसएस (ELSS) फंड्स से 959.13 करोड़ रुपये और डिविडेंड-यील्ड फंड्स से 169.16 करोड़ रुपये‍ निकाले गए।

हाइब्रिड योजनाओं में जुलाई में 11,490.56 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया, जिसमें आर्बिट्रेज फंड्स (6,502.44 करोड़ रुपये) और मल्टी-एसेट एलोकेशन फंड्स (3,753.38 करोड़ रुपये) का हिस्सा सबसे बड़ा रहा। एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETFs) में 9,512.05 करोड़ रुपये, गोल्ड ईटीएफ में 1,558.75 करोड़ रुपये और इंडेक्स फंड्स में 1,536.60 करोड़ रुपये का निवेश आया।

31 जुलाई तक देश में कुल म्यूचुअल फंड फोलियो (Folios) की संख्या बढ़कर 28.09 करोड़ हो गई है, जो ये दिखाता है कि देश में लगातार निवेशकों का दायरा बढ़ रहा है। लोग सुरक्षित और बेहतर रिटर्न के लिए म्यूचुअल फंड्स की तरफ रुख कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *