सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड का आईपीओ 18 अगस्त से, 342 से 360 रुपये है इसका भाव
मुंबई- सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड अपने 10 रुपये अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयरों का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को खोलने जा रही है। एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने की तारीख सोमवार, 17 अगस्त 2026 होगी, जबकि आईपीओ गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को बंद होगा।
आईपीओ का प्राइस बैंड 342 रुपये से 360 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। निवेशक न्यूनतम 41 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे और इसके बाद 41 शेयरों के गुणक में बोली लगाई जा सकेगी।
कंपनी के आईपीओ में 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 48,00,034 तक नए इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल है, जिसकी कुल राशि 172.80 करोड़ रुपये तक होगी। इसके अलावा 30,37,157 तक इक्विटी शेयरों का ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) होगा, जिसकी कुल राशि 109.33 करोड़ रुपये तक है।
ओएफएस के तहत विपुल अमृतलाल शाह 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 20,31,388 तक इक्विटी शेयर बेचेंगे, जिनकी कुल कीमत 73.13 करोड़ रुपये तक होगी। वहीं शेफाली विपुल शाह 10,05,769 तक इक्विटी शेयर बेचेंगी, जिनकी कुल कीमत 36.21 करोड़ रुपये तक होगी।
फ्रेश इश्यू से प्राप्त 112.50 करोड़ रुपये तक की राशि का इस्तेमाल कंपनी की कार्यशील पूंजी जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
सनशाइन पिक्चर्स फिल्म, टीवी सीरियल और वेब सीरीज के निर्माण, विकास, मार्केटिंग और वितरण के कारोबार में सक्रिय प्रोडक्शन हाउस है। कंपनी ने अपनी पहली फिल्म ‘फोर्स’ से शुरुआत की थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। इसके बाद कंपनी ने ‘कमांडो: ए वन-मैन आर्मी’, ‘हॉलिडे: ए सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी’, ‘फोर्स 2’, ‘कमांडो 2: द ब्लैक मनी ट्रेल’ और ‘द केरला स्टोरी’ जैसी चर्चित, व्यावसायिक और सामाजिक सरोकार वाली फिल्मों का निर्माण और वितरण किया।
कंपनी के मुताबिक, ‘द केरला स्टोरी’ 2023 में निवेश पर सबसे अधिक रिटर्न देने वाली ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही, जो व्यावसायिक सफलता और आलोचनात्मक सराहना के बीच संतुलन बनाने की कंपनी की क्षमता को दर्शाता है। यह जानकारी डी एंड बी रिपोर्ट पर आधारित है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में मजबूत लाभप्रदता दर्ज की। वित्त वर्ष 2026 में 74.43 करोड़ रुपये के स्टैंडअलोन राजस्व पर कंपनी का एबिटडा 58.54 करोड़ रुपये और पीएटी 40.02 करोड़ रुपये रहा। इसके आधार पर कंपनी का एबिटडा मार्जिन 78.65% और पीएटी मार्जिन 53.77% रहा।

