अंबुजा सीमेंट को तगड़ा झटका, पहली तिमाही में शुद्ध फायदा 37 पर्सेंट घटा

मुंबई- अदाणी समूह की अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 36.6 प्रतिशत घटकर 660 करोड़ रुपये रह गया। बिक्री कम होने से उसके लाभ में यह कमी आई है। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को 1,041 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

परिचालन आय 7.51 प्रतिशत घटकर 9,474 करोड़ रुपये रही, जबकि कुल बिक्री मात्रा 1.99 करोड़ टन से घटकर 1.71 करोड़ टन रह गई। कंपनी की सीमेंट खंड से आय 9,062 करोड़ रुपये और रेडी मिक्स कंक्रीट से 507 करोड़ रुपये रही। बीती तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व 8.3 प्रतिशत गिरकर 9,669 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान कुल व्यय 3.92 प्रतिशत घटकर 8,802 करोड़ रुपये रहा। तिमाही के दौरान पश्चिम एशिया तनाव का असर बने रहने के बावजूद लागत में 206 रुपये प्रति टन की गिरावट दर्ज की गई। नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 973 मेगावाट पहुंचने से हरित ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़कर 34 प्रतिशत हो गई।

अंबुजा सीमेंट्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनोद बाहेती ने कहा कि कंपनी लागत को घटाकर वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक 4,250 रुपये प्रति टन तक लाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। कंपनी की क्षमता भी बढ़ाकर 11.9 करोड़ टन प्रति वर्ष करने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *