टाटा संस के चेयरमैन को मिली एक साल में 158 करोड़ रुपये की भारी सैलरी

मुंबई- टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनी टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन (Tata Sons chairman N Chandrasekaran) को वित्त वर्ष 2025-26 में 158.66 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है। इसमें उनकी सैलरी, सुविधाएं और कंपनी के प्रदर्शन से जुड़ा भुगतान शामिल है।

कंपनी की एनुअल रिपोर्ट के मुताबिक, यह चंद्रशेखरन को अब तक मिला सबसे बड़ा पैकेज है। इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 में उन्हें 155.81 करोड़ रुपये का पैकेज मिला था। यानी इस बार उनके पैकेज में करीब 2.85 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

टाटा संस ने साल 2022 से अपने बड़े अधिकारियों को मिलने वाले पैकेज की जानकारी सार्वजनिक करना शुरू किया था। इसके बाद से कंपनी हर साल अपने आला अधिकारियों के वेतन और अन्य भुगतान की जानकारी जारी करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में एन. चंद्रशेखरन ने टाटा संस से कुल 671.4 करोड़ रुपये कमाए हैं।

एन. चंद्रशेखरन को मिले 158.66 करोड़ रुपये के कुल पैकेज में 17.97 करोड़ रुपये वेतन और अन्य सुविधाओं के रूप में शामिल हैं। वहीं, बाकी 140.69 करोड़ रुपये कमीशन के तौर पर मिले हैं, जो कंपनी के मुनाफे से जुड़ा हुआ है यानी कंपनी का प्रदर्शन जितना बेहतर होगा, उसके आधार पर मिलने वाला कमीशन भी तय होता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में भी उन्हें इतनी ही राशि कमीशन के रूप में मिली थी। उनके कुल पैकेज का बड़ा हिस्सा कंपनी के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। अगर कंपनी अच्छा मुनाफा कमाती है, तो इससे जुड़े अधिकारियों को मिलने वाला कमीशन भी बढ़ सकता है।

158.66 करोड़ रुपये के पैकेज के साथ एन. चंद्रशेखरन देश के सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले कॉरपोरेट अधिकारियों में शामिल हो गए हैं। हालांकि, वित्त वर्ष 2025-26 में एचसीएल टेक के CEO सी. विजयकुमार को 176 करोड़ रुपये का पैकेज मिला, जो चंद्रशेखरन के पैकेज से ज्यादा है।

पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के CEO संदीप कालरा ने वित्त वर्ष 2024-25 में 148 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि हीरो मोटोकॉर्प के कार्यकारी चेयरमैन पवन मुंजाल को वित्त वर्ष 2025-26 में 122 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। टाटा संस के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) और कार्यकारी निदेशक सौरभ अग्रवाल को वित्त वर्ष 2025-26 में 33.69 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। इसमें से 26 करोड़ रुपये कमीशन के रूप में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *