इस एसएमई शेयर ने एक दिन में एक लाख के निवेश को बनाया दो लाख रुपये
मुंबई- मंगलवार को मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज (Millworks Technologies) के शेयर 5% के अपर सर्किट पर पहुंच गए और इनकी कीमत ₹660.30 पर पहुंच गई। यह SME स्टॉक आज अपने इश्यू प्राइस से 90% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ था। यानी आईपीओ में शेयर पाने वालों को एक ही दिन में 100% का जबरदस्त रिटर्न मिला है।
प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपनी मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का शेयर BSE SME प्लेटफॉर्म पर ₹331 के इश्यू प्राइस के मुकाबले ₹628.90 प्रति शेयर पर खुला और तुरंत ही चढ़कर ₹660.30 के अपर प्राइस बैंड पर पहुंच गया। कंपनी के आईपीओ के निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। 14 से 16 जुलाई के बीच खुला यह आईपीओ बिडिंग पीरियड के दौरान 193.14 गुना भरा था।
इस आईपीओ का रिटेल हिस्सा 216.46 गुना भरा था। जबकि, इसका नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों का हिस्सा 194.05 गुना बुक हुआ था। इसका मतलब है कि आईपीओ को रिटेल और नॉन-इंस्टीट्यूशनल दोनों तरह के निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। इस IPO में 48.44 लाख इक्विटी शेयरों का नया इश्यू शामिल था और इसमें’ऑफ़र-फ़ॉर-सेल’का कोई हिस्सा नहीं था।
मार्च 2026 में खत्म हुए फाइनेंशियल ईयर में मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज की कामकाजी आय 148.77 करोड़ रुपये रही। इस अवधि में कंपनी को 37.06 करोड़ रुपये का कर बाद मुनाफा हुआ। यह कंपनी एयरोस्पेस,डिफेंस,रेलवे और सेमीकंडक्टर जैसे सेक्टर के लिए प्रिसिजन इंजीनियरिंग उपकरण बनाती है।

