एसबीआई फंड्स के निवेशकों को झटका, लेकिन डीपी सिंह को 121 करोड़ का फायदा

मुंबई- SBI Mutual Fund चलाने वाली कंपनी SBI Funds Management की शेयर बाजार में शुरुआत अच्छी नहीं रही। नाम और साइज के हिसाब से इसकी लिस्टिंग से निवेशकों को निराशा हुई। कंपनी का शेयर ₹574 के IPO प्राइस के मुकाबले 6.84% प्रीमियम के साथ ₹613.30 पर NSE में लिस्ट हुआ। कारोबार के दौरान यह ₹624.95 तक पहुंचा। हालांकि दिन के अंत में शेयर ₹609.75 पर बंद हुआ, जो लिस्टिंग प्राइस से 0.58% नीचे है।

कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹1.24 लाख करोड़ रहा। इस कंपनी के बारे में ब्रोकरेज हाउस Emkay ने कुछ जोखिम भी बताए हैं। उसने कहा, SBI के नेटवर्क से नए ग्राहक कम जुड़ सकते हैं। म्यूचुअल फंड स्कीमों का प्रदर्शन कमजोर पड़ सकता है। शेयर बाजार में लंबे समय तक सुस्ती रह सकती है। रेगुलेटरी नियमों में बदलाव भी कंपनी की ग्रोथ पर असर डाल सकते हैं।

यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल था। इसका मतलब है कि कंपनी को इस इश्यू से कोई पैसा नहीं मिलेगा लेकिन इस साल के सबसे बड़े आईपीओ ने कंपनी के कम से कम 13 कर्मचारियों को करोड़पति बना दिया। इन कर्मचारियों को सालों पहले ईसॉप्स के रूप में शेयर मिले थे। इसका इश्यू प्राइस 574 रुपये था और यह बीएसई पर ₹610 पर लिस्ट हुआ जबकि एनएसई पर इसकी लिस्टिंग ₹613.30 पर हुई। कंपनी के 9,795.31 करोड़ रुपये के आईपीओ को करीब 42 गुना बोलियां मिली थीं।

₹574 प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर 13 कर्मचारियों के पास ₹1 करोड़ से ज्यादा की इक्विटी हिस्सेदारी थी। इनमें डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर डीपी सिंह को सबसे ज्यादा फायदा मिला है। उनके पास मौजूद कंपनी के शेयरों की वैल्यू लगभग ₹121 करोड़ है। इसके बाद फंड हाउस के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर श्रीनिवासन रामा अय्यर का नंबर है जिनके पास लगभग ₹105 करोड़ की हिस्सेदारी है।

सिंह के 21.14 लाख वेस्टेड शेयरों की वैल्यू आईपीओ प्राइस पर लगभग ₹121 करोड़ है। उनके पास अनवेस्टेड ऑप्शन भी हैं, जिनकी वैल्यू भविष्य में इस्तेमाल किए जाने पर लगभग ₹30 करोड़ हो सकती है। अय्यर के 18.25 लाख वेस्टेड शेयरों की वैल्यू लगभग ₹105 करोड़ है, जबकि उनके बाकी अनवेस्टेड ऑप्शन की अनुमानित वैल्यू आईपीओ प्राइस पर लगभग ₹51 करोड़ है।

कंपनी के स्ट्रैटेजी, डिजिटल और टेक्नोलॉजी चीफ और इन्वेस्टर रिलेशंस के हेड श्रीनिवास जैन के वेस्टेड शेयरों की वैल्यू लगभग ₹59 करोड़ है। इसी तरह फिक्स्ड इनकम के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर राजीव राधाकृष्णन के शेयरों की वैल्यू लगभग ₹36 करोड़, चीफ रिस्क ऑफिसर अपर्णा निर्गुडे के शेयरों की वैल्यू ₹31 करोड़ और चीफ कंप्लायंस ऑफिसर, कंपनी सेक्रेटरी और लीगल हेड विनया दातार के वेस्टेड शेयरों की वैल्यू लगभग ₹21 करोड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *