आईपीओ से पहले एनएसई को झटका, कई तरह की आय में बड़ी गिरावट

मुंबई- आईपीओ लाने की तैयारी कर रही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का परिचालन प्रदर्शन हाल के वर्षों में कमजोर हुआ है। कंपनी की आय का मुख्य स्रोत ट्रांजेक्शन चार्जेंज से लेकर क्लियरिंग एंड सेटलमेंट सर्विसेज से आय में बड़ी गिरावट देखने को मिली है।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास एनएसई के मसौदे में दिए आंकड़ों के मुताबिक, देश के सबसे बड़े एक्सचेंज की कुल परिचालन से आय वित्त वर्ष 2026 में 16,601.30 करोड़ रुपये थी। वहीं, वित्त वर्ष 25 में यह आंकड़ा 17,140.67 करोड़ रुपये पर था, जो कि सालाना आधार पर तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट को दिखाता है।

इस दौरान कंपनी की आय का मुख्य स्रोत ट्रांजेक्शन चार्जेंज में भी गिरावट देखी गई है, जो कि समीक्षा अवधि में 13,635.76 करोड़ रुपये से घटकर 13,057.01 करोड़ रुपये पर आ गया है। यह चार प्रतिशत कम है। वित्त वर्ष 2026 में एनएसई की क्लियरिंग एंड सेटलमेंट सर्विसेज से आय 21.8 प्रतिशत कम होकर 251.45 करोड़ रुपये रह गई है, जो कि वित्त वर्ष 25 की समान अवधि में 321.34 करोड़ रुपये थी।

हालांकि, एनएसई कुल परिचालन के अन्य अहम घटक जैसे लिस्टिंग सर्विसेज से आय में बढ़ोतरी देखने को मिली है और यह वित्त वर्ष 26 में सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 352.43 करोड़ रुपये हो गई थी, जो कि 2024-25 में 313.82 करोड़ रुपये थी। एनएसई का मुख्य कारोबार कमजोर बना हुआ है। यह एक्सचेंज की गिरती वॉल्यूम से भी स्पष्ट होता है।

डीआरएचपी ने एनएसई ने बताया कि वित्त वर्ष 2026 के दौरान कैश मार्केट में एवरेज डेली ट्रेडिंग वॉल्यूम (एडीटीवी) 1,05,516.66 करोड़ रुपये था, जो कि वित्त वर्ष 25 के 1,12,963.24 करोड़ रुपये से 6.59 प्रतिशत कम है। एक्सचेंज का फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (एफएंडओ) कारोबार भी कमजोर बना हुआ है। इसमें भी गिरावट देखी जा रही है।

इक्विटी ऑप्शन (प्रीमियम वैल्यू) के भी एडीटीवी में गिरावट देखी गई है। वित्त वर्ष 26 में सालाना आधार पर 57,661.75 करोड़ रुपये था, जो कि वित्त वर्ष 25 के आंकड़े 62,448.66 करोड़ रुपये से सालाना आधार पर 7.66 प्रतिशत की गिरावट को दिखाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *