यह कंपनियां देंगी भारी डिविडेंड, टाटा की कंपनी हर शेयर पर देगी 75 रुपये
मुंबई- 10 जून 6 कंपनियों के डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट है। इसी तारीख पर ये शेयर एक्स-डिविडेंड ट्रेड करने वाले हैं। इन कंपनियों में टाटा ग्रुप की 3 कंपनियां, इंफोसिस, इंडियन बैंक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। ये 6 कंपनियां 75 रुपये प्रति शेयर तक का डिविडेंड बांटने वाली हैं। रिकॉर्ड तारीख का मतलब जिनके पास उस दिन तक शेयर होंगे उनको डिविडेंड मिलेगा।
टाटा केमिकल 11 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है। इस पर 26 जून को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद डिविडेंड का पेमेंट 30 जून को या उसके बाद किया जाएगा। टाटा केमिकल्स ने वित्त वर्ष 2025 के लिए भी 11 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था।
टाटा एलेक्सी 75 रुपये प्रति शेयर का शानदार फाइनल डिविडेंड देने वाली है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। यह मीटिंग 24 जून को होने वाली है। मंजूरी मिलने के बाद डिविडेंड का पेमेंट 30 जून को या उसके बाद किया जाएगा। टाटा एलेक्सी ने वित्त वर्ष 2025 के लिए भी 75 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था।
टाटा एलेक्सी ऑटोमोटिव, ब्रॉडकास्ट, कम्युनिकेशन, हेल्थकेयर और ट्रांसपोर्टेशन जैसी कई इंडस्ट्रीज को डिजाइन और टेक्नोलॉजी सर्विसेज देती है। शेयर की कीमत एक साल में 34 प्रतिशत नीचे आई है। अप्रैल में शेयर पर मोतीलाल ओसवाल ने ‘सेल’ रेटिंग बरकरार रखी थी। टारगेट प्राइस घटाकर 3,350 रुपये प्रति शेयर कर दिया था। HDFC Securities ने ‘एड’ रेटिंग बरकरार रखी थी और टारगेट घटाकर 4,825 रुपये प्रति शेयर कर दिया था। ICICI Securities ने रेटिंग ‘सेल’ से बढ़ाकर ‘रिड्यूस’ कर दी थी और 4380 रुपये का टारगेट दिया था।
टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन ने 3.40 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है। इस पर 1 जुलाई को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद डिविडेंड का पेमेंट 2 जुलाई को या उसके बाद किया जाएगा। टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 27 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।
इन्फोसिस 25 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है। कंपनी की 23 जून को होने वाली सालाना आम बैठक में इस डिविडेंड पर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। पेमेंट 25 जून को किया जाएगा। इंफोसिस इससे पहले वित्त वर्ष 2026 के लिए 23 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड दे चुकी है। वित्त वर्ष 2025 के लिए कंपनी ने 21 रुपये का अंतरिम और 22 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया था।

