HCL के शेयर में 11 साल में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट, 10 फीसदी टूटा
Mumbai: HCL टेक के शेयर कल 10% गिरकर 52 हफ्ते के निचले स्तर 1281 रुपए पर आ गए। यह अक्टूबर 2015 के बाद शेयर का सबसे खराब एक दिन का प्रदर्शन है। चौथी तिमाही के कमजोर नतीजों और FY27 की निराशाजनक गाइडेंस के बाद कई ब्रोकरेज ने रेटिंग डाउनग्रेड और प्राइस टारगेट कट किए हैं।
शेयरों में गिरावट के पीछे यह कारण है कि बाजार को लग रहा था कि इस बार HCL की कमाई में 1% की मामूली कमी आएगी, लेकिन असल में यह 3.3% गिर गई। यानी कंपनी को उम्मीद से ज्यादा नुकसान हुआ है। बाजार को उम्मीद थी कि कंपनी हर 100 रुपए की कमाई पर करीब 17.60 रुपये बचाएगी, लेकिन कंपनी केवल ₹16.50 ही बचा पाई। खर्चों के बढ़ने या प्रोजेक्ट्स की कमी से मुनाफे में यह कमी आई है।
HCL ने 2026 के लिए लक्ष्य रखा था कि उनकी कमाई 4% से 4.5% की रफ्तार से बढ़ेगी। लेकिन जब साल खत्म हुआ, तो यह रफ्तार सिर्फ 3.9% ही रही। आसान शब्दों में कंपनी ने जो वादा किया था वह उसे पूरा नहीं कर पाई।
रिजल्ट खराब होने के कारण ब्रोकरेज हाउसों ने शेयर का लक्ष्य घटा दिया है। नुवामान ने इसका लक्ष्य पहले 1,550 रुपये रखा था जबकि अब घटाकर 1,400 रुपये कर दिया है। अब कंपनी का ग्रोथ टीसीएस और इन्फोसिस के करीब होगी। एचएसबीसी ने पहले 1,560 रुपये शेयर का अनुमान लगाया था अब घटाकर 1,480 रुपये कर दिया है।

