5 साल में हर शेयर पर 457 रुपये का डिविडेंड दिया टीसीएस ने, बढ़ेगी सैलरी

मुंबई- टाटा ग्रुप की दिग्गज आईटी कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) ने शेयरधारकों के लिए 31 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का ऐलान किया है। पिछले पांच सालों में TCS ने अपने निवेशकों को कुल 457 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया है। इसके अलावा कंपनी इस दौरान दो बार शेयर बायबैक भी कर चुकी है, जिससे निवेशकों को अतिरिक्त फायदा मिला है।

TCS ने यह भी बताया कि 1 अप्रैल से कर्मचारियों की सालाना सैलरी बढ़ाई जाएगी। यानी कंपनी ने सिर्फ निवेशकों ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों को भी राहत दी है। देश की सबसे बड़ी IT सर्विस कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) ने मार्च तिमाही (Q4 FY26) में अपने कर्मचारियों की संख्या में बढ़त दर्ज की है। हालांकि, इसके साथ ही कंपनी बड़े स्तर पर बदलाव और लागत नियंत्रण पर भी काम कर रही है।

मार्च तिमाही में TCS के कर्मचारियों की संख्या शुद्ध आधार पर 2,356 बढ़ी है। इसके बाद कंपनी का कुल कर्मचारी आधार बढ़कर 5,84,519 हो गया है। यह बढ़त इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले दो तिमाहियों में कंपनी के वर्कफोर्स में गिरावट देखने को मिली थी।

TCS का रीस्ट्रक्चरिंग खर्च Q4 में बढ़कर 1,388 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछली तिमाही के 253 करोड़ रुपये के मुकाबले काफी ज्यादा है। यह दिखाता है कि कंपनी वर्कफोर्स में बदलाव को तेजी से लागू कर रही है। IT सर्विसेज में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर (attrition) भी हल्की बढ़कर 13.7% हो गई है। यह आंकड़ा पिछले 12 महीनों के आधार पर है और इसमें मामूली बढ़त दिखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *