मिंत्रा की सीईओ नंदिता सिन्हा देंगी इस्तीफा, नए अधिकारी की तलाश शुरू हुई
मुंबई- Myntra की CEO नंदिता सिन्हा आने वाले कुछ हफ्तों में अपने पद से इस्तीफा देने वाली हैं। वह जल्द ही Flipkart ग्रुप से भी बाहर हो जाएंगी। नंदिता सिन्हा 2013 से Flipkart ग्रुप का हिस्सा रही हैं, जो Walmart के मालिकाना हक में है।
Myntra ने उनके रिप्लेसमेंट की तलाश शुरू कर दी है। अगले कुछ दिनों में नए उम्मीदवार को फाइनल किया जा सकता है। फिलहाल Flipkart Fashion की हेड और पहले Myntra में चीफ बिजनेस ऑफिसर रह चुकी Sharon Pais को इस पद के लिए प्रमोट किया जा सकता है।
सिन्हा का इस्तीफा ऐसे समय पर आ रहा है, जब Flipkart इस साल अपना IPO लाने की तैयारी कर रहा है। Myntra इस ग्रुप का अहम बिजनेस है और Amazon Fashion, AJIO, Nykaa Fashion और Meesho जैसे खिलाड़ियों के बीच मजबूत पकड़ बनाए हुए है।
बेंगलुरु स्थित Myntra भारत का सबसे बड़ा फैशन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म है। Flipkart ग्रुप की सबसे मुनाफे वाली यूनिट्स में से एक है। FY25 में Myntra का ऑपरेशनल रेवेन्यू ₹6,042.7 करोड़ रहा। कंपनी का मुनाफा ₹548.3 करोड़ दर्ज किया गया।
नंदिता सिन्हा ने करीब 13 साल पहले Flipkart में एसोसिएट डायरेक्टर के तौर पर करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने फर्नीचर, कस्टमर एंगेजमेंट, हेल्थ और ब्यूटी जैसे कई सेगमेंट्स में काम किया। 2022 में उन्हें Myntra का CEO बनाया गया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने Flipkart Fashion की भी जिम्मेदारी संभाली। इसे बाद में Sharon Pais को सौंप दिया गया।

