जेफरीज का दावा, एयरलाइन कंपनियों के शेयरों में मिल सकता है 48 पर्सेंट का फायदा

मुंबई- दिग्गज एयरलाइन कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (Indigo) के शेयर मंगलवार (24 मार्च) को 5 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के चलते आई है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। जबकि हफ्ते की शुरुआत में यह 110 डॉलर के पार चला गया था।

जेफरीज ने इंडिगो शेयर को खरीदने की सलाह दी है। साथ ही ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 6,140 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर निवेशकों को लॉन्ग टर्म में 48 प्रतिशत का रिटर्न दे सकता है। इंडिगो के शेयर सोमवार को 3946.55 रुपये पर बंद हुए। जबकि मंगलवार को यह दोपहर 3:25 बजे 4147 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।

ब्रोकरेज के अनुसार, एयरलाइन के गर्मियों के शेड्यूल से क्षमता बढ़ोतरी को लेकर बेहतर स्पष्टता मिल रही है। इंडिगो ने 13,950 उड़ानों की योजना बनाई है। यह पिछले साल के घोषित शेड्यूल की तुलना में 2 प्रतिशत कम है। हालांकि, यह पिछले साल की वास्तविक घरेलू उड़ानों (करीब 13,100) के मुकाबले 6-7 प्रतिशत अधिक है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में उपलब्ध सीट किलोमीटर में 10-11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है, जो कंपनी की ऐतिहासिक सालाना औसत वृद्धि दर 13-15 प्रतिशत से कम है। धीमी होती इस वृद्धि दर के कारण विमानों के उपयोग में कमी आ सकती है। इससे प्रति सीट लागत पर दबाव पड़ सकता है, खासकर ईंधन और विदेशी मुद्रा के प्रभाव को छोड़कर।

इंडिगो के शेयर अपने 52 वीक्स हाई 6,225.05 रुपये से करीब 37 प्रतिशत नीचे ट्रेड कर रहे हैं। जबकि स्टॉक का 52 वीक लो 3,894.80 रुपये है। हालिया प्रदर्शन पर नजर डाले तो एक महीने में यह 14.19 प्रतिशत गिर गया है। तीन महीने में शेयर में 18 प्रतिशत और छह महीने में 26 प्रतिशत की गिरावट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *