आईपीओ से पहले फ्लिपकार्ट को झटका, ग्रुप सीएफओ श्रीराम वेंकटरामन ने दिया इस्तीफा
मुंबई- अगले साल आईपीओ लाने की योजना बना रही दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट को तगड़ा झटका लगा है। कंपनी के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर श्रीराम वेंकटरामन ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने बताया कि वेंकटरामन अगले कुछ महीने में कंपनी से निकल जाएंगे। वह साल 2015 में कंपनी से जुड़े थे।
फ्लिपकार्ट ने साथ ही निशांत वर्मन को सीनियर वाइस प्रेजिडेंट बनाया है। फ्लिपकार्ट ग्रुप सीईओ कल्याण कृष्णामूर्ति ने वेंकटरामन के इस्तीफे पर कहा कि उन्होंने कई साल तक कंपनी के फाइनेंस को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। फ्लिपकार्ट ने अपना होल्डिंग स्ट्रक्चर हाल में सिंगापुर से भारत शिफ्ट किया था। कंपनी को दिसंबर में ही एनसीएलटी की तरफ से मंजूरी मिल गई थी
फ्लिपकार्ट की स्थापना सचिंन और बिन्नी बंसल ने की थी। कंपनी ने 2011 में अपना होल्डिंग स्ट्रक्चर सिंगापुर शिफ्ट किया था। उस समय कई भारतीय स्टार्टअप कंपनियों ने ग्लोबल कैपिटल को आसानी से हासिल करने के लिए सिंगापुर और अमेरिका जैसे देशों का रुख किया था। इसकी वजह यह थी कि वहां के कानून आसान थे।
नए स्ट्रक्चर के मुताबिक सिंगापुर की कई कंपनियों को फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड में मर्ज कर दिया जाएगा। इनमें पेरेंट कंपनी भी शामिल है। इनमें लॉजिस्टिक आर्म ईकार्ट, फैशन रिटेलर मिंट्रा, फिनटेक प्लेटफॉर्म सुपर.मनी, ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी क्लियरट्रिप और फ्लिपकार्ट की होल्डिंग कंपनियां शामिल हैं।

