डीएमडी कायजाद भरूचा अब एचडीएफसी बैंक में बन सकते हैं एमडी और सीईओ

मुंबई- अंशकालिक चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद एचडीएफसी बैंक के वर्तमान उप प्रबंध निदेशक (डीएमडी) कैजाद एम भरूचा पर सबकी नजरें टिक गई हैं। इन्हें अब और अधिक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

19 मार्च को एक कॉन्फ्रेंस कॉल में नव नियुक्त अंतरिम अध्यक्ष केकी मिस्त्री ने बताया, भरूचा को और अधिक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी उनका विवरण देना जल्दबाजी होगी। संगठनात्मक ढांचे की फिर से समीक्षा की जाएगी और आगे की घोषणाएं की जाएंगी।

मिस्त्री ने कहा, “वे बैलेंस शीट के एसेट कारोबार को संभालते हैं, जो बोर्ड और प्रबंधन दोनों स्तरों पर संगठन के भीतर उनके सम्मान और प्रतिष्ठा को दर्शाता है। इसलिए यह सिलसिला जारी रहेगा। वास्तव में, आगे चलकर उन्हें और अधिक जिम्मेदारियां मिलेंगी।

वाणिज्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त भरूचा ने 1986 में एसबीआई कमर्शियल एंड इंटरनेशनल बैंक में अपना करियर शुरू किया। वे 1995 में एचडीएफसी में आए और तब से बैंक के साथ जुड़े हुए हैं। हाल में आरबीआई ने बैंक के पूर्णकालिक निदेशक के रूप में उनकी पुनः नियुक्ति को अगले 3 वर्षों के लिए मंजूरी दे दी।

जिम्मेदारियों में यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब भरूचा बैंक के भीतर व्यापक कार्यक्षेत्र की देखरेख कर रहे हैं। 2014 में भरूचा को पहली बार कार्यकारी निदेशक के रूप में बोर्ड में नियुक्त किया गया और वे थोक बैंकिंग के प्रमुख भी बने। 2023 में, उन्हें डीएमडी के पद पर पदोन्नत किया गया, जो परेश सुकथंकर के जाने के बाद लगभग पांच वर्षों से खाली था। 2025 में डीएमडी के रूप में दूसरा कार्यकाल दिया गया। वर्तमान में, वे भारत के सबसे बड़े निजी ऋणदाता में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले अधिकारियों में से एक हैं।

एचडीएफसी बैंक के बोर्ड की नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति (एनआरसी) एक महीने के भीतर अपने प्रबंध एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशिधर जगदीशन की पुनर्नियुक्ति के मुद्दे पर विचार कर सकती है और इसे नियामक के अनुमोदन के लिए भेजेगी। लेकिन ताजे विवाद ने अब इस पर संदेह लगा दिया है। जगदीशन का वर्तमान कार्यकाल इस वर्ष अक्टूबर में समाप्त हो रहा है। भारतीय रिज़र्व बैंक के नियमों के अनुसार, किसी बैंक को कार्यकाल समाप्त होने से पांच से छह महीने पहले बोर्ड द्वारा विधिवत अनुमोदित अपनी सिफारिश नियामक को भेजनी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *