इक्विटी फंड में निवेश से म्यूचुअल फंड कंपनियों के शेयरों में 20 फीसदी तक तेजी

मुंबई-इक्विटी म्युचुअल फंड्स में मजबूत नेट इनफ्लो के चलते एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMC) के शेयरों की मांग बढ़ गई। इसी वजह से मंगलवार के इंट्रा-डे ट्रेड में बीएसई पर इन शेयरों में 20 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली।

Aditya Birla Sun Life AMC का शेयर 20 फीसदी उछलकर 1,044.35 रुपये के 52 हफ्ते के हाई पर पहुंच गया। Shriram AMC का शेयर 7 फीसदी बढ़कर 299.85 रुपये हो गया। ICICI Pru AMC का शेयर 3,078.70 रुपये और Nippon Life India Asset Management (NAM) का शेयर 885.20 रुपये पर पहुंच गया। इन दोनों शेयरों में करीब 6-6 फीसदी की तेजी रही।

UTI AMC का शेयर 5 फीसदी बढ़कर 996.30 रुपये और HDFC AMC का शेयर 4 फीसदी चढ़कर 2,550 रुपये हो गया। वहीं, बाजार के प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) में ज्यादा बड़ी तेजी नहीं दिखी। दोपहर 2:29 बजे यह 0.7 फीसदी बढ़कर 78,095 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में इ​क्विटी म्युचुअल फंड में निवेश 8 फीसदी बढ़कर 25,978 करोड़ रुपये का निवेश हो गया। इस बढ़ोतरी के पीछे भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़ा पॉजिटिव माहौल भी एक वजह माना जा रहा है। इससे म्युचुअल फंड उद्योग का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) जनवरी के 81 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर फरवरी में 82 लाख करोड़ रुपये हो गया। आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में इक्विटी फंड्स में 25,978 करोड़ रुपये का इनफ्लो आया, जो पिछले महीने के 24,028 करोड़ रुपये से ज्यादा है।

फरवरी 2026 भारत के म्युचुअल फंड उद्योग के लिए पॉजिटिव रहा। इस दौरान 94,530 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया, जो वैश्विक चुनौतियों और बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद घरेलू निवेशकों के मजबूत भरोसे को दिखाता है। इक्विटी-ओरिएंटेड स्कीम्स ने भी मजबूत प्रदर्शन जारी रखा। फ्लेक्सी कैप, मिड कैप और सेक्टोरल/थीमैटिक फंड्स में लगातार निवेश आता रहा, जो भारत की लंबी अवधि के आर्थिक विकास की कहानी पर निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।

इस दौरान मल्टी एसेट एलोकेशन फंड सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली कैटेगरी रही, जिसमें 8,476 करोड़ रुपये से ज्यादा का शुद्ध निवेश आया। इससे यह संकेत मिलता है कि घरेलू निवेशक अब डायवर्सिफाइड और लक्ष्य-आधारित निवेश की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *