सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल छात्राओं से करा रही थी मालिश, अब हुईं सस्पेंड
मु्ंबई- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिला मुख्यालय स्थित एक प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा छात्राओं से मालिश कराने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) बीके शर्मा ने इस मामले में प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय में काफी समय से शिक्षण कार्य को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि पढ़ाई के बजाय बच्चों से अन्य कार्य कराए जाते हैं। इसी बीच सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। वायरल वीडियो में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका जमीन पर लेटी हैं और आसपास मौजूद छात्राएं कथित रूप से उनकी मालिश करती नजर आती हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि प्रधानाध्यापिका मोबाइल चला रही हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो प्राथमिक विद्यालय नया बाजार कर्वी भाग-1 नगर क्षेत्र कर्वी, चित्रकूट का है। स्कूल में कार्यरत मधु राय हैं। विद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं से हाथ पैर दबवाने और बाल कढ़वाने से संबंधित खबर वायरल हो रही है, जिसको संज्ञान में लेकर खण्ड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र कर्वी को जांच सौंपी गई थी।
विद्यालय में उपस्थित बच्चों और रसोइयों ने हाथ-पैर दबवाने व बाल कढ़वाने की पुष्टि की। विद्यालय में कुल पंजीकृत 68 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष शुक्रवार को मात्र 7 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। एमडीएम रजिस्टर में अन्य तिथियों में अधिक छात्र-छात्राओं का अंकन पाया गया।

