सरकार का 33.61 लाख करोड़ टैक्स संग्रह लक्ष्य, नहीं घटेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
मुंबई- सरकार चालू वित्त वर्ष में संशोधित अनुमान 33.61 लाख करोड़ रुपये के कुल कर संग्रह के बजटीय अनुमान पर कायम रह सकती है। एक सरकारी अधिकारी ने कहा, ऐसे में ईंधन के कर में कोई कटौती की गुंजाइश नहीं है।
अधिकारी के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में अब तक प्रत्यक्ष कर में 20 फीसदी और अप्रत्यक्ष कर में पांच फीसदी की बढ़त हुई है। हमारे पास आठ महीने का आंकड़ा है। आमतौर पर पहली छमाही में ज्यादा कर संग्रह होता है।
अधिकारी ने कहा, 2023-24 में केंद्र सरकार ने 33.61 लाख करोड़ रुपये के कर संग्रह का लक्ष्य रखा है। यह 2022-23 के 30.54 लाख करोड़ रुपये की तुलना में 10 फीसदी अधिक है। चालू वित्त वर्ष में प्रत्यक्ष कर से 18.23 लाख करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। 15.38 लाख करोड़ अप्रत्यक्ष कर से मिल सकता है जिसमें जीएसटी, कस्टम और अन्य हैं। अधिकारी ने कहा, पेट्रोल और डीजल पर कर घटाने की कोई योजना नहीं है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड पहले ही कम भाव पर है। इस समय यह 76.40 डॉलर प्रति बैरल है।

