फडणवीस ने इशारों में कहा, सूअर से नहीं लड़ना चाहिए
मुंबई- आर्यन खान ड्रग केस में नवाब मलिक और समीर वानखेड़े के बीच छिड़ी लड़ाई अब मलिक बनाम देवेंद्र फडणवीस हो चुकी है। बुधवार को सुबह NCP नेता ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स करके महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के ऊपर कई गंभीर आरोप लगाए।
इसके कुछ घंटे के बाद ही देंवेंद्र फडणवीस के एक ट्वीट ने इस इस लड़ाई को और तीखा कर दिया है। फडणवीस ने प्रसिद्ध आइरिश नाटककार जॉर्ज बर्नाड शॉ की पंक्तियों को ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि आज का विचार, मैंने बहुत समय पहले सीखा था, कभी सुअर से लड़ाई मत करो। इससे आप गंदे हो जाएंगे लेकिन सुअर इसे पसंद करेंगे।
बता दें कि इससे पहले नवाब मलिक ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि देवेंद्र फडणवीस के दाऊद इब्राहिम के करीबी रियाज भाटी से संबंध हैं। मलिक ने आरोप लगाया कि जिस रियाज भाटी को मुंबई के सहार एयरपोर्ट पर दो-दो पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके साथ देवेंद्र फडणवीस के क्या संबंध हैं? पूरा मुंबई शहर रियाज भाटी के बारे में जानता है। रियाज भाटी और अंडरवर्ल्ड का क्या संबंध है? यह भी जगजाहिर है। बावजूद इसके प्रयास भाटी, देवेंद्र फडणवीस और BJP के कार्यक्रमों में कैसे पहुंचता था? जिस व्यक्ति पर जाली पासपोर्ट का आरोप है। वह व्यक्ति बिना जांच पड़ताल के प्रधानमंत्री के कार्यक्रम तक कैसे पहुंचा और उनके साथ फोटो कैसे खिंचवाई?
मलिक ने यह भी आरोप लगाया कि देवेंद्र फडणवीस राज्य के सीएम रहते हुए महाराष्ट्र में जाली नोटों का धंधा फला-फूला। अब फडणवीस का यह ट्वीट मलिक द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब समझा जा रहा है। नवाब मलिक ने फडणवीस पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल के दौरान कुख्यात गुंडों को और अंडरवर्ल्ड के लोगों को सरकारी बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया।
मलिक ने नागपुर से कुख्यात गुंडे मुन्ना यादव को कंस्ट्रक्शन बोर्ड का अध्यक्ष बनाने का भी आरोप लगाया। मलिक ने यह भी आरोप लगाया कि हैदर आजम नाम के गुंडे को भी महामंडल का अध्यक्ष बनाया गया। हैदर आजम जो बांग्लादेशी लोगों को मुंबई में बसाने का काम करता है। हैदर आजम की दूसरी पत्नी बांग्लादेशी है, जब इस मामले की जांच मुंबई की मलाड पुलिस ने शुरू की। तब इस मामले को दबाने का काम किया गया।

