शाहरूख खान के लड़के के कारण बायजू ने विज्ञापनों पर लगाई रोक
मुंबई- जब से शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया है, बायजूस ने बॉलीवुड स्टार के ऐड रोक दिए हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह दिग्गज एडुटेक ऐप का IPO बताया जा रहा है, जिसके लिए वह अपनी ब्रांड वैल्यू को लेकर कोई चांस नहीं लेना चाहती।
जहां तक शाहरुख खान की बात है तो वह हुंडई, एलजी, ICICI, दुबई टूरिज्म और रिलायंस जियो जैसे कई दिग्गज ब्रांड को एंडोर्स कर रहे हैं। लेकिन बायजूस उनके सबसे बड़े स्पॉन्सरशिप ब्रांड में एक है और सूत्रों के मुताबिक इसके साथ उनकी 3.4 करोड़ रुपए की सालाना डील है। शाहरुख के साथ कंपनी ने तीन हफ्ते पहले ही नया ऐड कैंपेन शुरू किया था।
सूत्रों के मुताबिक 2020 में शाहरुख की ब्रांड वैल्यू 5.11 करोड़ डॉलर यानी लगभग 385 करोड़ रुपए की थी। बताया जाता है कि खान हर ऐड शूट के लिए 3.5 से 4 करोड़ रुपए की फीस लेते हैं। ये अपने करियर में अब तक 40 ब्रांड का एंडोर्समेंट कर चुके हैं, जिनमें बायजूस, बिगबास्केट, हुंडई, फ्रूटी, डेकोर, फेयर एंड हैंडसम, ICICI बैंक, फूडपैंडा, रिलायंस जियो और दुबई टूरिज्म जैसे जाने-माने नाम हैं।
ऐड वर्ल्ड में शाहरुख खान कितना रुतबा है इसका पता इसी से चलता है कि डफ एंड फेल्प्स के हालिया सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन स्टडी में वह 5.11 करोड़ डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ चौथे नंबर पर रहे थे। इसी स्टडी के मुताबिक, टीवी एंडोर्समेंट में देश के टॉप ऐड प्रॉडक्ट ब्रांड में बायजूस का नाम आता है, जिसके साथ वह 2017 से ब्रांड ऐंबैस्डर के तौर पर जुड़े हैं।
शाहरुख के फेसबुक और ट्विटर पर 4.2-4.2 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 2.65 करोड़ सहित कुल 10.64 करोड़ फॉलोअर्स हैं और जो उनकी हर पोस्ट पर औसतन 10 लाख का एंगेजमेंट देते हैं। उन्हीं फॉलोअर में से कुछ आर्यन के केस को लेकर उनके साथ जुड़ाव पर बायजूस की आलोचना कर रहे हैं। डफ एंड फेल्प्स की स्टडी के मुताबिक, सोशल मीडिया में उनके फॉलोअर्स की संख्या 2018 से 2020 के बीच 14.5% सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ी है, जो टॉप 5 सेलिब्रिटी में सबसे कम है।
इसी बीच अगर बायजूस की बात करें तो इस एडुटेक ऐप कंपनी ने पिछले दो साल में देश-विदेश में काफी तेजी से अपने कारोबार का विस्तार किया है। उसने इस दौरान फिजिकल स्पेस में मौजूद दिग्गज कोचिंग ब्रांड आकाश इंस्टीट्यूट को भी खरीदा है। यह 18 अरब के वैल्यूएशन के साथ इस समय देश की सबसे वैल्यूएबल स्टार्टअप है और फिलहाल आईपीओ की तैयारियों में जुटी कंपनी ने इसी हफ्ते 30 करोड़ रुपए की रकम जुटाई थी।
इस साल अप्रैल में बायजूस की कीमत 16.5 अरब डॉलर लगाई गई थी। कंपनी फिलहाल 20-21 अरब डॉलर के वैल्यूएशन के साथ लगभग 1.5 अरब डॉलर की रकम जुटाने वाली है। IIFL वेल्थ हारून इंडिया रिच लिस्ट 2021 के मुताबिक कंपनी के फाउंडर बायजू रविंद्रन और उनके परिवार की नेटवर्थ 24,300 करोड़ रुपए थी।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट में पिछले महीने छपी खबर में खान फैमिली को भारत की सबसे रईस बॉलीवुड सेलिब्रिटी फैमिली बताया गया था। उसके मुताबिक, शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की टोटल नेटवर्थ 96.50 करोड़ डॉलर है। इसी वेबसाइट के मुताबिक उनकी अपनी नेटवर्थ लगभग 75 करोड़ डॉलर है जो उन्होंने कामयाब फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट से कमाई है।

