जियो का आईपीओ 21 अक्तूबर से, 1,119 रुपये भाव, 30,000 करोड़ जुटाएगी
मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की डिजिटल सर्विसेज कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 21 से 23 अक्टूबर तक खुलेगा। कंपनी 27 करोड़ शेयर जारी करेगी। एक शेयर की कीमत 1,065 से ₹1,119 तय किया है। कंपनी का टारगेट IPO से 30 हजार करोड़ रुपए जुटाने का है।
एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, एंकर इन्वेस्टर्स यानी बड़े इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए बिडिंग की तारीख 19 अक्टूबर तय की गई है। कंपनी ने आईपीओ में अपने कर्मचारियों और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्वेशन रखा है। इनमें कर्मचारियों के लिए 500 करोड़ रुपये के शेयर रिजर्व हैं। कर्मचारियों को हर शेयर पर 54 रुपये की छूट मिलेगी। रिलायंस का शेयर जिनके पास है उनको 2,500 करोड रुपये का कोटा है।
जियो प्लेटफॉर्म्स देश में अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा। 2024 में हुंडई मोटर इंडिया का 27,858 करोड़ रुपए का IPO देश का सबसे बड़ा IPO था। फाइलिंग के मुताबिक, इस आईपीओ के जरिए कंपनी ₹10 की फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ तक फ्रेश यानी नए शेयर जारी करेगी। जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस जियो का टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज बिजनेस शामिल है। यह बिजनेस रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यू अनलॉकिंग स्ट्रैटेजी का अहम हिस्सा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 19 जून 2026 को बताया था कि जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया है। इसके बाद 28 अगस्त 2026 को कंपनी ने जानकारी दी थी कि बाजार नियामक सेबी से ड्राफ्ट दस्तावेज पर ऑब्जर्वेशन लेटर मिल गया है। अब 14 अक्टूबर को आरएचपी दाखिल होने के साथ आईपीओ की तारीखों का भी ऐलान कर दिया गया है।

