स्टीमहाउस इंडिया का आईपीओ 9 सितंबर से खुलेगा, 77 से 81 रुपये है भाव
मुंबई- स्टीमहाउस इंडिया लिमिटेड का आईपीओ 9 सितंबर से 11 सितंबर तक खुलेगा। एंकर निवेश 8 सितंबर को बोली लगा सकते हैं। आईपीओ का मूल्य दायरा 77 रुपये से 81 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। निवेशक न्यूनतम 185 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं और इसके बाद 185 शेयरों के गुणकों में बोली लगाई जा सकेगी।
कुल 414 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 353 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी करना (फ्रेश इश्यू) और 61 करोड़ रुपये तक का ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) शामिल है। ओएफएस के तहत बिक्री करने वाला शेयरधारक अपने शेयर बेचेगा।
कंपनी आईपीओ से प्राप्त शुद्ध राशि का इस्तेमाल कई उद्देश्यों के लिए करेगी। इसमें कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया कर्जों के पुनर्भुगतान या समय से पहले भुगतान के साथ-साथ बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूंजीगत खर्च शामिल है। इसमें अंकलेश्वर संयंत्र के फेज-3 और पनोली संयंत्र के फेज-2 का क्षमता विस्तार भी शामिल है। इसके अलावा, कंपनी दहेज जीआईडीसी में स्टीम उत्पादन के लिए नई विनिर्माण सुविधा स्थापित करने के फेज-2 पर पूंजीगत खर्च करेगी। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
स्टीमहाउस इंडिया अपने पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से औद्योगिक गैसों, खासकर स्टीम और नाइट्रोजन, के उत्पादन और केंद्रीकृत वितरण का कारोबार करती है। कंपनी और उसके प्रमोटर भारत में कम्युनिटी बॉयलर सिस्टम के अग्रदूत हैं। इसे पहली बार वर्ष 2014 में पेश किया गया था। कंपनी की सामुदायिक औद्योगिक गैस उत्पादन एवं वितरण प्रणाली पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न औद्योगिक ग्राहकों तक गैस पहुंचाती है। इससे प्रत्येक ग्राहक को अपने स्तर पर अलग गैस उत्पादन एवं वितरण बुनियादी ढांचा स्थापित करने की जरूरत नहीं पड़ती।
स्टीमहाउस के औद्योगिक गैस कारोबार में स्टीम का उत्पादन एवं वितरण, स्टीम की खरीद एवं वितरण तथा नाइट्रोजन का पृथक्करण, संपीड़न एवं वितरण शामिल है। कंपनी ने फरवरी 2025 में अपने अंकलेश्वर संयंत्र में वितरित पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से नाइट्रोजन की आपूर्ति के लिए अपनी पहली सुविधा शुरू की थी।

