मारुति सुजुकी का मुनाफा 26 पर्सेंट घटा, राजस्व 26 पर्सेंट बढ़ा, शेयर में तेजी

मुंबई- मारुति सुजुकी इंडिया का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 26 प्रतिशत से ज्यादा गिर कर 2466 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले मुनाफा 3349 करोड़ रुपये था। वहीं ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 50618 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2025 तिमाही में यह 40138.7 करोड़ रुपये था। कंपनी का शेयर 3 महीनों में 16 प्रतिशत टूटा है। एक साल में कीमत 30 प्रतिशत गिर गई है।

पश्चिमी एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण कच्चे माल की लागत बढ़ने और निवेश की गई अतिरिक्त पूंजी पर ‘मार्क-टू-मार्केट’ लॉस होने से कंपनी के मुनाफे पर असर पड़ा।

कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि सितंबर 2026 तिमाही में उसके कुल खर्च 50619 करोड़ रुपये के रहे, जबकि एक साल पहले ये 39018.4 करोड़ रुपये के थे। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 58.72 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। सितंबर 2026 तिमाही में मारुति सुजुकी ने 6,96,654 व्हीकल्स बेचकर अपनी अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री दर्ज की। यह सालाना आधार पर 26.5 प्रतिशत ज्यादा रही।

अप्रैल-सितंबर 2026 यानि कि वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 6 महीनों के दौरान मारुति सुजुकी इंडिया का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 100580.6 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले समान अवधि में रेवेन्यू 76762.8 करोड़ रुपये रहा था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 5913 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि सितंबर 2025 छमाही में मुनाफा 7141.4 करोड़ रुपये रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *