अबूधाबी में भारतीय ने जीता 240 करोड़ रुपये की लॉटरी, यह है बंदे का नाम
मुंबई- संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में रहने वाले तेलंगाना के 29 वर्षीय भारतीय टेक प्रोफेशनल अनिल कुमार बोला रातोंरात करोड़पति बन गए हैं। अनिल ने पिछले साल अक्तूबर में UAE की लॉटरी में 10 करोड़ दिरहम यानी करीब 240 करोड़ रुपये का इनाम जीत लिया।
लॉटरी जीतने के करीब एक साल बाद अनिल कुमार का कहना है कि शुरुआत में जो रोमांच और उत्साह था, वह अब धीरे-धीरे कम हो गया है। अब उनकी प्राथमिकताएं भी बदल रही हैं। अब उनके लिए महंगी चीजों से ज्यादा मायने परिवार के साथ बिताया गया समय, माता-पिता के सपने पूरे करना और भविष्य के लिए अपनी संपत्ति को सही तरीके से संभालना है।
‘खलीज टाइम्स’ को दिए एक इंटरव्यू में अनिल कुमार ने कहा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात परिवार के साथ अच्छा समय बिताना है। अनिल कुमार ने लॉटरी जीतने के बाद जो चीजें खरीदीं, उनमें सबसे खास उनकी मां के लिए सोने के गहने शामिल थे। उनकी मां लंबे समय से कुछ सोने के गहने खरीदने का सपना देख रही थीं।
अनिल कुमार के परिवार ने अपने पुराने घर से रिश्ता नहीं तोड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेलंगाना में उनका परिवार आज भी उसी घर में रहता है, जहां वह लॉटरी जीतने से पहले रहता था। अनिल इस घर को अपने पिता का सपनों का घर बताते हैं। इसलिए उन्होंने करोड़ों रुपये आने के बावजूद परिवार को वहां से दूसरी जगह ले जाने के बजाय उस घर से जुड़ी यादों और भावनाओं को महत्व दिया।

