एनएफओ में घटी निवेशकों की दिलचस्पी, सितंबर में कलेक्शन 67 पर्सेंट घटा

मुंबई- म्युचुअल फंड की नई स्कीमों में सितंबर में अगस्त के मुकाबले करीब 67 फीसदी कम पैसा आया है। एम्फी के आंकड़ों के मुताबिक, 22 नई ओपन-एंडेड स्कीमों ने न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) के जरिए 2,372 करोड़ रुपये जुटाए हैं। अगस्त में 26 स्कीमों ने 7,110 करोड़ रुपये जुटाए थे।

दूसरी और सितंबर में इक्विटी म्युचुअल फंड्स में नेट इनफ्लो करीब 31 फीसदी बढ़कर 38,307 करोड़ रुपये रहा है। एसआईपी के जरिए भी रिकॉर्ड 32,490 करोड़ रुपये आए। सितंबर में पांच इक्विटी एनएफओ आए और उन्होंने 998 करोड़ रुपये जुटाए। इसकी तुलना में अगस्त में छह इक्विटी एनएफओ ने 3,051 करोड़ रुपये जुटाए थे। हाइब्रिड कैटेगरी में दोनों महीनों में दो-दो एनएफओ आए। इसके बावजूद कलेक्शन 1,848 करोड़ रुपये से घटकर 288 करोड़ रुपये रह गया।

डेट कैटेगरी में भी दोनों महीनों में तीन-तीन एनएफओ आए, लेकिन जुटाई गई रकम 1,647 करोड़ रुपये से घटकर 266 करोड़ रुपये रह गई। इंडेक्स फंड्स में तस्वीर अलग रही। इनके एनएफओ की संख्या चार से बढ़कर छह हो गई और कलेक्शन 355 करोड़ रुपये से बढ़कर 669 करोड़ रुपये पहुंच गया। इससे साफ है कि सभी तरह की नई स्कीमों में एक जैसी गिरावट नहीं आई।

पुराने फंड्स का पिछला प्रदर्शन और निवेश की रणनीति देखकर फैसला करना आसान होता है। ऐसे में संभव है कि कुछ निवेशक नई स्कीम चुनने के बजाय अपने मौजूदा फंड्स में निवेश जारी रख रहे हों। अगस्त में हर एनएफओ ने औसतन करीब 273 करोड़ रुपये जुटाए थे, जबकि सितंबर में यह रकम करीब 108 करोड़ रुपये रही। यानी प्रति स्कीम औसत कलेक्शन भी करीब 61 फीसदी घटा।

एनएफओ कलेक्शन हर महीने काफी बदल सकता है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि उस महीने किस तरह की स्कीमें आईं, उनका आकार कितना था और निवेशकों के लिए उनकी पेशकश क्या थी। कुछ बड़े एनएफओ किसी महीने के कुल कलेक्शन का बड़ा हिस्सा जुटा सकते हैं। निवेशकों की मांग और स्कीम के प्रचार का भी असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *