एसी खरीदना होगा महंगा, गर्मियों में कंपनियां 15 पर्सेंट तक बढ़ा दी हैं कीमत
मुंबई- गर्मी से पहले AC खरीदना महंगा हो गया है। AC डाइकिन, वोल्टास और ब्लू स्टार जैसी बड़ी कंपनियों ने कीमतें 15% तक बढ़ा दी है। प्रमुख एसी मैन्युफैक्चर्स ने कीमतों में 5% से 15% तक का इजाफा किया है। इसमें टाटा ग्रुप की कंपनी वोल्टास, डाइकिन, ब्लू स्टार, LG, हायर और मित्सुबिशी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
कीमतों को बढ़ाने के पीछे कंपनियों का कहना है कि कॉपर और एल्युमीनियम जैसे कच्चे माल के दाम काफी बढ़ गए हैं। भारतीय रुपया कमजोर हुआ है, जिससे पुर्जों का आयात महंगा हो गया है। बीते कुछ दिनों में माल ढुलाई का खर्च बढ़ गया है। 1 जनवरी 2026 से लागू हुए BEE के नए एनर्जी-एफिशिएंसी नियम।
एलजी इंडिया के डायरेक्टर संजय चितकरा के अनुसार, नए नियमों के तहत आने वाले एसी पहले के मुकाबले करीब 11% ज्यादा बिजली बचाएंगे। यानी, भले ही खरीदने के समय ज्यादा पैसे देने पड़ें, लेकिन लंबे समय में बिजली बचेगी। डाइकिन इंडिया के चेयरमैन कंवलजीत जावा ने कहा कि नए एनर्जी नियमों ने प्रोडक्ट्स को पहले से बेहतर बनाया है, लेकिन ये महंगा हो गया है। कॉपर के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। डॉलर की वजह से लागत बहुत बढ़ गई है। वैश्विक स्तर पर जारी उथल-पुथल से इंपोर्ट महंगा हुआ है, इसलिए कीमतें बढ़ाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं था।
ब्लू स्टार के एमडी बी. त्यागराजन ने बताया कि उन्होंने फरवरी के मध्य में ही 8-10% की बढ़ोतरी कर दी थी। हालांकि, इसका असर बाजार में दिखने में थोड़ा समय लगेगा। डीलर्स ने पुराने रेट पर काफी स्टॉक उठा लिया था। जब तक ये पुराना स्टॉक खत्म नहीं हो जाता तब तक ग्राहकों को कुछ राहत मिल सकती है। दाम बढ़ने के बावजूद कंपनियों को उम्मीद है कि 2026 में रिकॉर्ड बिक्री होगी।

