सोने की कीमत 48 हजार के नीचे पहुंची, पर इस साल से बढ़ेंगी

मुंबई- सोने की कीमत साल के अंतिम दिन 48 हजार प्रति दस ग्राम के नीचे पहुंच गई। हालांकि इस साल सोने की कीमतें प्रति दस ग्राम 55 हजार रुपए के पार जा सकती हैं। 2020 में अगस्त में सोने की कीमतें 56,200 रुपए प्रति दस ग्राम थीं। तब से अब तक इसमें 14% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। 

शुक्रवार को सोने का प्रति दस ग्राम भाव 47,900 रुपए था। हालांकि गुरुवार को यह 48 हजार से ज्यादा था। चांदी 62,160 रुपए प्रति किलो पर थी। इसमें 40 रुपए की गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत हालांकि मामूली ऊपर 1,817 डॉलर प्रति औंस पर थी। ओमिक्रॉन के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। साथ ही महंगाई की भी दर ऊपर जा रही है। इससे सुरक्षित माने जाने वाले सोने और चांदी की कीमतों मे तेजी दिख सकती है। 

जनवरी 2021 से तुलना करें तो इसमें 4% की कमी आई है। डॉलर की तुलना में रुपए की कमजोरी से अंतरराष्ट्रीय कीमत के मुकाबले भारत में सोने का भाव अभी भी 3% कम है। भारत में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते प्रतिबंधों का लगना शुरू हो चुका है। ज्यादातर राज्यों ने रात में प्रतिबंध लगाए हैं। यूरोपियन देशों में भी कुछ इसी तरह से प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं जबकि अमेरिका में भी मास्क के साथ यात्रा और अन्य पाबंदियां लगाई जा रही हैं।  

2022 की पहली छमाही में सोने का दाम 1700 से 1900 डॉलर प्रति औंस रह सकता है। दूसरी छमाही में यह 2 हजार डॉलर को पार कर सकता है। इसका मतलब यह हुआ कि भारत में यह 45 से 50 हजार रुपए और फिर 55 हजार रुपए प्रति दस ग्राम के लेवल को यह पार कर सकता है। सोने की कीमतें आगे चलकर बढ़ेंगी जैसा कि 2020 में कोरोना के पीक का असर देखा गया था।  

इसी के साथ अमेरिका सहित कई देशों में महंगाई इस समय कई दशकों के उच्चतम स्तर पर है। इससे भी सोने का भाव बढ़ सकता है। HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल कहते हैं कि अमेरिका में महंगाई और रियल बांड पर ब्याज अभी भी चिंताजनक है। शॉर्ट टर्म में सोने का भाव 1,833 से 1,870 डॉलर प्रति औंस रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *