₹41,000 करोड़ सब्सिडी से चमके Fertiliser शेयर, 2 शेयरों में 56% मिलेगा फायदा
मुंबई-फर्टिलाइजर कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को जोरदार तेजी दर्ज की गई। सरकार ने खरीफ 2026 की फसलों के समर्थन के लिए 41,354 करोड़ रुपये की फर्टिलाइजर सब्सिडी को मंजूरी दी। इससे फर्टिलाइजर कंपनियों के शेयरों में खरीदारी तेज हो गई। फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स त्रावणकोर लिमिटेड में सबसे ज्यादा तेजी आई।
पश्चिम एशिया में चल रहे संकट की वजह से फर्टिलाइजर की कीमतें दुनिया भर में तेजी से बढ़ गई हैं। ऐसे में सरकार ने खरीफ 2026 के लिए गैर-यूरिया फर्टिलाइजर पर मिलने वाली सब्सिडी बढ़ाने का फैसला किया है। अब प्रति किलो सब्सिडी 10 से 21 प्रतिशत तक ज्यादा मिलेगी। यह बढ़ोतरी खरीफ 2025 के मुकाबले पोषक (Nutritious) आधारित सब्सिडी योजना के तहत की गई है। इस फैसले से सरकार पर करीब 41,534 करोड़ रुपये का खर्च आएगा, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत ज्यादा है।
मौजूदा स्थिति के बीच ब्रोकरेज फर्म एंटिक स्टॉक ब्रोकिंग का कहना है कि वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में फर्टिलाइजर सेक्टर के मार्जिन दबाव में रहने की उम्मीद है। फिर भी, फर्टिलाइजर सेक्टर में कोरोमंडल इंटरनेशनल (Coromandel International) और पारादीप फॉस्फेट (Paradeep Phosphate) को पसंद करते हैं। पारादीप फॉस्फेट पर 190 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। शेयर मौजूदा भाव से निवेशकों को 56 फीसदी का तगड़ा रिटर्न दे सकता है।
ब्रोकरेज के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में फॉस्फोरिक एसिड की कीमतें 1,300 डॉलर प्रति टन पर स्थिर बनी हुई हैं। इससे बैकवर्ड इंटीग्रेशन वाली कंपनियों को आने वाली तिमाहियों में बेहतर मार्जिन मिलने की संभावना है। हालांकि, अमोनिया और सल्फर की कीमतों में तिमाही आधार पर क्रमशः 30 प्रतिशत और 21 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी हुई है। इससे आयात पर निर्भर कंपनियों की प्रॉफिटेबिलिटी पर दबाव पड़ने की आशंका है।
ब्रोकरेज ने कोरोमंडल इंटरनेशनल पर 2400 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर 13 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दे सकता है। कोरोमंडल इंटरनेशनल के शेयर बुधवार को 2115 रुपये पर बंद हुए। शेयर अपने 52 वीक्स हाई 2,720 रुपये से करीब 22 प्रतिशत नीचे चल रहे हैं।

