बाजार में आएगी जमकर रौनक, दिवाली तक रिकॉर्ड ऊंचाई पर जा सकता है निफ्टी

मुंबई- पिछले 18 महीनों से बाजार में जो टाइम करेक्शन चल रहा था, उसके बाद अब रिकवरी के संकेत दिख रहे हैं। HDFC Securities के MD और CEO धीरज रेली (Dhiraj Relli) का मानना है कि इस वित्त वर्ष में निफ्टी अपने ऑल-टाइम हाई 26,373.20 तक पहुंच सकता है।

उनके मुताबिक, यह स्तर इसी साल देखने को मिल सकता है। उनका कहना है कि यह दूसरी, तीसरी या चौथी तिमाही में कभी भी आ सकता है। लेकिन, दिवाली के आसपास यह स्तर हासिल होने की उम्मीद है।

एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, भारत की मार्केट कहानी अभी भी वैल्यूएशन और अर्निंग ग्रोथ पर टिकी हुई है। कई लोग मानते हैं कि भारत दूसरे उभरते बाजारों के मुकाबले महंगा है, लेकिन HDFC Securities का कहना है कि यह प्रीमियम सही वजहों से है। 2023 में भारत का वैल्यूएशन प्रीमियम उभरते बाजारों के मुकाबले करीब 100% तक पहुंच गया था। अब यह घटकर करीब 33% रह गया है, जो इसके लंबे समय के औसत के करीब है।

इस गिरावट के बाद विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी फिर से बढ़ने लगी है और शुरुआती पूछताछ भी देखने को मिल रही है। हालांकि अभी पूरी तरह से पैसा वापस नहीं आया है। फिलहाल कुछ फैक्टर्स बाजार पर दबाव बनाए हुए हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और कंपनियों की कमाई को लेकर अनिश्चितता निवेशकों को सतर्क बना रही है।

हालांकि, अगर कंपनियों की अर्निंग 10-12% की दर से बढ़ती है, तो वैल्यूएशन और आकर्षक हो सकता है। इससे निवेशकों की वापसी तेज हो सकती है। आने वाले समय में बाजार की दिशा काफी हद तक जियोपॉलिटिकल हालात पर निर्भर करेगी। अगर वैश्विक तनाव कम होता है, तो बाजार में बड़ी गिरावट का खतरा भी कम होगा।

घरेलू निवेशकों की प्रमुख भूमिका

रिकवरी में घरेलू निवेशकों की भूमिका अहम रहने वाली है। म्यूचुअल फंड्स के पास इस समय अच्छा-खासा कैश है और अब वे बड़े और मजबूत स्टॉक्स यानी लार्ज कैप की तरफ रुख कर रहे हैं। जिन सेक्टर्स में वैल्यूएशन गिरा है, वहां खरीदारी भी शुरू हो चुकी है, भले ही उनकी कमाई पर ज्यादा असर नहीं पड़ा हो।

इन सेक्टरों में कमाई का मौका

मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और घरेलू साइक्लिकल सेक्टर्स में निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है। इसके अलावा बैंकिंग, आईटी, इंडस्ट्रियल और रियल एस्टेट सेक्टर में अब जोखिम और रिटर्न का संतुलन बेहतर दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *