एअर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन का इस्तीफा, कर्मचारियों से कही यह बात
मुंबई- एयर इंडिया ने मंगलवार को पुष्टि की कि उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) कैंपबेल विल्सन ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने बताया कि नए CEO की तलाश के लिए एक समिति बनाई गई है, जो आने वाले महीनों में उनका उत्तराधिकारी चुनेगी। इससे पहले इंडिगो के सीईओ CEO पीटर एल्बर्स ने भी इस्तीफा दिया था।
एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने इस्तीफे के बाद कर्मचारियों के नाम एक लेटर लिखा। उन्होंने उसमें कहा कि यह उनके जीवन का स्वाभाविक मोड़ है। एयर इंडिया के विकास के अगले चरण के लिए बागडोर सौंपने का यह सही समय था।
विल्सन ने कहा कि एयर इंडिया के निजीकरण के बाद के चार वर्षों में चार एयरलाइनों का अधिग्रहण और सफल विलय हुआ है। इसके साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र से निजी क्षेत्र की कार्यप्रणालियों की ओर बदलाव आया है, और नेतृत्व टीम, कार्यबल, संस्कृति तथा कामकाज के तरीकों का नवीनीकरण हुआ है।
कंपनी के अनुसार, विल्सन ने 2024 में ही चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को 2026 में पद छोड़ने की इच्छा जता दी थी और तब से वे कंपनी को स्थिर स्थिति में लाने पर काम कर रहे थे। नए CEO के आने तक वे अपने पद पर बने रहेंगे। उन्होंने अपने कर्मचारियों को लिखे पत्र में कहा कि उनके कार्यकाल में कंपनी ने कई सुधार किए हैं, जैसे नए सिस्टम लागू करना, सेवाओं को बेहतर बनाना और 100 नए विमान शामिल करना।

