बन रहे थे बाजार के पंडित, मधुसूदन केला और कचोलिया को जमकर घाटा

मुंबई- शेयर बाजार में लगातार जारी भारी गिरावट अब सिर्फ खुदरा और छोटे निवेशकों को ही चपेटे में नहीं ले रही है। बल्कि बाजार के पंडित बनकर बैठे बड़े दिग्गज निवेशक भी अब इसकी चपेट में आ गए हैं। ऐसे में उनका दिमाग अब काम नहीं कर रहा है।

मधुसूदन केला, आशीश कचोलिया, पारेश पारेख, आशीष धवन, मुकुल अग्रवाल और हेमेंद्र कोठारी जैसे दिग्गज इनवेस्टरों के पोर्टफोलियो में जमकर गिरावट आई है। 2026 में इन निवेशकों का पोर्टफोलियो नुकसान में है। इसकी बड़ी वजह अमेरिका-इजरायल और ईरान की लड़ाई है। यह लड़ाई 28 फरवरी को शुरू हुई थी, जिसके बाद शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई है।

पारेश मोहनलाल पारेख और हेमेंद्र कोठारी के पोर्टफोलियो की वैल्यू सबसे ज्यादा घटी है। इनके पोर्टफोलियो में 10 मार्च तक क्रमश: करीब 20 फीसदी और 18 फीसदी गिरावट आई है। दिसंबर तिमाही में पारेख का पोर्टफोलियो ने 15 फीसदी बढ़ा था, जबकि कोठारी के पोर्टफोलियो में 14 फीसदी गिरावट आई थी। इस साल 10 मार्च तक मधुसूदन केला का पोर्टफोलियो 17 फीसदी गिराकर 1,736 करोड़ रुपये रह गया। दिसंबर तिमाही में केला का पोर्टफोलियो करीब 7 फीसदी गिरा था।

इस साल मुकुल अग्रवाल का पोर्टफोलियो करीब 16 फीसदी गिरकर 5,268 करोड़ रुपये रह गया। दिसंबर 2025 में 6,249 करोड़ रुपये था। दिसंबर तिमाही में अग्रवाल का पोर्टफोलियो करीब 5 फीसदी बढ़ा था। इस साल अब तक कचोलिया का पोर्टफोलियो करीब 15 फीसदी और आशीष धवन का पोर्टफोलियो करीब 13 फीसदी गिरा है। दिसंबर तिमाही में कचोलिया का पोर्टफोलियो करीब 8 फीसदी चढ़ा था, जबकि धवन का पोर्टफोलियो करीब 19 फीसदी गिरा था।

मध्यपूर्व में चल रही लड़ाई की वजह से विजय केडिया का पोर्टफोलियो 10 फीसदी से ज्यादा गिरा है। दिसबंर तिमाही में उनका पोर्टफोलियो 7 फीसदी गिरा था। अजय उपाध्याय के पोर्टफोलियो में इस साल 8.2 फीसदी गिरावट आई है। दिसंबर तिमाही में यह 4 फीसदी गिरा था। मध्यपूर्व में लड़ाई शुरू होने के बाद से शेयर बाजार में बड़ी बिकवाली देखने को मिल रही है। 11 मार्च को बाजार में बड़ी गिरावट आई। निफ्टी 1.63 फीसदी यानी 394.75 प्वाइंट्स गिरकर 23,866 रुपये पर बंद हुआ। सेंसेक्स 1.72 फीसदी यानी 1,342 प्वाइंट्स की गिरावट के साथ 76,863 पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *