चांदी तीन दिन में 31,700 रुपये हुई सस्ती, अब 2.68 लाख रुपये किलो पर आई

मुंबई-राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में सोमवार को लगातार तीसरे सत्र में चांदी नीचे आई। यह 3,400 रुपये और टूटी। इस गिरावट के साथ इसकी कीमत 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। तीन सत्रों में चांदी 31,700 रुपये लुढ़की है। हालांकि, हफ्ते के पहले दिन सोना लगभग स्थिर 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, चांदी ने लगातार तीसरे दिन अपनी गिरावट जारी रखी। शुक्रवार के 2,71,700 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 3,400 रुपये या लगभग 1.3 फीसदी टूटकर यह 2,68,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्‍स सहित) रह गई।

कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से महंगाई का दबाव फिर से बढ़ने की चिंता से चांदी में पिछले सप्ताह की गिरावट और बढ़ गई। ऊर्जा की ऊंची कीमतें महंगाई की आशंकाओं को बढ़ाती हैं। इससे फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की रफ्तार में देरी हो सकती है। इस स्थिति से डॉलर और बॉन्ड यील्‍ड को समर्थन मिला। इससे कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा।

इस बीच, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 200 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्‍स मिलाकर) पर पहुंच गया। सराफा संघ के अनुसार, पिछले बाजार सत्र में सोने की कीमत 1,64,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। ग्‍लोबल स्तर पर हाजिर सोना 65.23 डॉलर या 1.26 फीसदी टूटकर 5,105.89 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *