बाजार में 5 साल की बड़ी तेजी, एक हफ्ते में मार्केट कैप 29 लाख करोड़ रुपये बढ़ा

मुंबई- भारतीय शेयर बाजारों ने शुक्रवार को सप्ताह का अंत शानदार तेजी के साथ किया। बीएसई सेंसेक्स 919 अंकों की तेजी के साथ 77,550 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 276 अंक चढ़कर 24,051 के स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले छह हफ्तों से जारी गिरावट का सिलसिला टूट गया।

सेंसेक्स और निफ्टी में इस पूरे हफ्ते करीब 6 प्रतिशत की तेजी आई। यह इसका पिछले पांच साल का सबसे मजबूत वीकली प्रदर्शन है। निफ्टी बैंक और मिडकैप इंडेक्स में लगभग 8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। सेक्टोरल स्तर पर रियल्टी और ऑटो शेयरों ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। इन सेक्टरों में डबल डिजिट रिटर्न देखने को मिला, जहां हालिया गिरावट के बाद निवेशकों ने जोरदार खरीदारी की। एनालिस्ट्स का कहना है कि अमेरिका-ईरान के बीच संभावित सीजफायर से ग्लोबल बाजारों में स्थिरता आई है।

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन शुक्रवार को करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 451.22 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं इस पूरे हफ्ते निवेशकों की संपत्ति में करीब 28.85 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों की की कुल मार्केट वैल्यू पिछले हफ्ते के अंत में 422.37 करोड़ रुपये रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *